newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

By-Election: मुलायम सिंह के किले को ध्वस्त करने के लिए BJP का बड़ा दांव, डिंपल के सामने इस प्रत्याशी को उतारा मैदान में

By-Election: इसके अलावा भाजपा ने आजम खान के गढ़ रामपुर से आकाश सक्सेना पर दांव खेला है। इसके अलावा खतौली से राजकुमारी सैनी को अपना प्रत्याशी बनाया है।

नई दिल्ली। यूपी की सियासत से एक अहम खबर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी के नाम का आखिरकार ऐलान कर दिया है। भाजपा ने मैनपुरी सीट से रघुराज सिंह शाक्य (Raghuraj Singh Shakya) पर ताल ठोका है। बता दें कि समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर मुलायम सिंह की बहू डिंपल यादव को चुनावी मैदान में उतारा है। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि मैनपुरी से भाजपा मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव को डिंपल यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा सकती है। लेकिन इस पर आज पूर्ण विराम लग गया है और भाजपा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी के खिलाफ रघुराज सिंह को मैदान में खड़ा किया है। खास बात ये है कि डिंपल यादव के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह कभी सपा से सांसद रह चुके है, इसके अलावा वो प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव के करीबी भी माने जाते है।

ऐसे में भाजपा ने डिंपल यादव के खिलाफ रघुराज सिंह को उतारा कर बड़ा दांव खेला है। आपको बता दें कि शाक्य जसवंतनगर के खेड़ा धौलपुर गांव के मूल निवासी हैं। एक जुलाई 1968 को जन्मे रघुराज इटावा से सपा के टिकट पर साल 1999 और 2004 में सांसद भी बने है। इसके अलावा वे साल 2012 में इटावा सदर सीट के विधायक भी रह चुके हैं। बता दें कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यह लोकसभा सीट खाली हुई थी। मैनपुरी सीट यादव परिवार का गढ़ भी माना जाता है कई सालों से इस सीट पर यादव परिवार का कब्जा रहा है।

वहीं भाजपा ने आजम के गढ़ रामपुर से आकाश सक्सेना पर दांव खेला है। इसके अलावा खतौली से राजकुमारी सैनी को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा भाजपा ने राजस्थान की सरदारशहर विधान सीट से अशोक कुमार पिंचा, बिहार की कुरहानी विधानसभा सीट से केदार प्रसाद गुप्ता और छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट से ब्रह्मानंद नेताम को चुनावी दंगल में उतारा है।

आपको बता दें कि 5 दिसंबर को मैनपुरी में उपचुनाव होने है, जबकि नतीजे गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के साथ ही 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।