
नई दिल्ली। चुनावी रणनीतिकार के नाम से जाने जाने वाले प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) इन दिनों बिहार में पदयात्रा कर रहे हैं। प्रशांत किशोर ने इन महीने की दो तारीख को बेतिया के भितिहरवा से इस यात्रा की शुरुआत की थी। हाल ही में प्रशांत किशोर ने ये बताया था कि उनके इस पदयात्रा पर हो रहा पूरा खर्चा कौन उठा रहा है। किशोर ने बताया था कि देश के जिन छह राज्यों के मुख्यमंत्रियों को उन्होंने जीत दिलाई थी वही उनकी इस जन सुराज यात्रा में सहायता कर रहे हैं।
अब प्रशांत किशोर के इस बयान के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर हमलावर हो गई है। पहले से ही भाजपा और महागठबंधन के नेता पीके पर आरोप लगा रहे थे कि अब इस क्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल (Sanjay Jaiswal) का नाम भी जुड़ गया है। संजय जायसवाल ने एक वीडियो जारी कर इस बात का खुलासा किया है कि नीतीश कुमार (Nitish Kumar) और प्रशांत किशोर मिलकर बिहार में कोई गेम प्लान कर रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने आखिर स्वीकार ही लिया कि महागठबंधन के खिलाफ वोटों के बंटवारे के लिए नीतीश कुमार पैसे दे रहे हैं। उन्होंने खुद ही कहा है कि जिन नेताओं के लिए उन्होंने कभी काम किया था और आज वह मुख्यमंत्री हैं, वह सब इनको पैसे देकर इस कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे हैं।
1 pic.twitter.com/bfLFXr15yV— Dr. Sanjay Jaiswal (@sanjayjaiswalMP) October 27, 2022
संजय जायसवाल ने वीडियो शेयर कर कहा है, ‘प्रशांत किशोर ने इस बात को स्वीकार किया है कि वो सभी आज उन्हें पैसे दे रहे हैं जिन्हें उन्होंने मुख्यमंत्री बनाया है। उन मुख्यमंत्रियों में बिहार के मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हैं। हर रात इन दोनों की बातें होती हैं। ये मिलकर भारतीय जनता पार्टी के वोट कैसे काटे जाएं इसपर चर्चा करते हैं’। अपने इस वीडियो आगे संजय जायसवाल ये कह रहे हैं कि प्रशांत किशोर, नीतीश कुमार का एजेंट बनकर भाजपा के खिलाफ ये सारी रणनीति तैयार कर रहे हैं। इसके बदले में नीतीश कुमार उन्हें बड़ा फंड दे रहे हैं।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अभी कुछ समय पहले ही बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजग से गठबंधन तोड़ते हुए लालू प्रसाद यादव की पार्टी के साथ हाथ मिला लिया था। लालू यादव की पार्टी राजद (RJD) से गठबंधन कर एक बार फिर नीतीश कुमार राज्य के मुख्यमंत्री पद पर विराजमान हुए हैं। वहीं, तेजस्वी यादव को डिप्टी सीएम बनाया गया है।