newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

BJP MLA Fired On Shiv Sena Worker: बीजेपी विधायक ने सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना के स्थानीय नेता को थाने में मारी 4 गोलियां, महाराष्ट्र के उल्हासनगर की घटना

BJP MLA Fired On Shiv Sena Worker: जानकारी के मुताबिक बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ और कुछ लोगों में जमीन को लेकर विवाद है। शिवसेना के शहर प्रमुक महेश गायकवाड़ स्थानीय लोगों का साथ दे रहे थे। जमीन के विवाद में दोनों नेताओं के बीच 2 दिन पहले भी गरमागरमी हुई थी।

उल्हासनगर। महाराष्ट्र में बड़ी घटना हुई है। उल्हासनगर में बीजेपी के विधायक गणपत गायकवाड़ पर आरोप है कि उन्होंने सीएम एकनाथ शिंदे के शिवसेना गुट के शहर प्रमुख महेश गायकवाड़ को 4 गोलियां मारीं। महेश का एक सहयोगी भी गोली लगने से घायल हुआ है। महेश गायकवाड़ की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनके पेट और शरीर के अन्य जगह गोली लगी है। पुलिस ने फायरिंग कर महेश गायकवाड़ और उनके साथी को घायल करने वाले बीजेपी के विधायक गणपत गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया है। उल्हासनगर के डीसीपी सुधाकर पाठार के मुताबिक जमीन विवाद के मामले में ये सबकुछ हुआ है। पुलिस के मुताबिक कल्याण पूर्व के द्वारली परिसर स्थित ये विवादित जमीन है।

जानकारी के मुताबिक बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ और कुछ लोगों में जमीन को लेकर विवाद है। शिवसेना के शहर प्रमुक महेश गायकवाड़ स्थानीय लोगों का साथ दे रहे थे। जमीन के विवाद में दोनों नेताओं के बीच 2 दिन पहले भी गरमागरमी हुई थी। इसी विवाद की शिकायत करने बीजेपी के विधायक गणपत गायकवाड़ अपने बेटे वैभव के साथ उल्हासनगर के हिल लाइन थाने पहुंचे थे। तभी अपने समर्थकों के साथ वहां महेश गायकवाड़ भी आ गए। पुलिस के सामने ही बीजेपी विधायक और शिवसेना नेता के बीच बहसबाजी हुई। जिसके बाद बीजेपी विधायक ने अपनी रिवॉल्वर निकाली और फायरिंग शुरू कर दी। महेश गायकवाड़ और उनके साथी को गोली लगी। पहले स्थानीय अस्पताल और फिर ले जाकर दोनों को ठाणे के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

इस बीच, न्यूज चैनल आजतक के मुताबिक फायरिंग के आरोपी गणपत गायकवाड़ ने आरोप लगाया है कि सीएम एकनाथ शिंदे ने उनसे लाखों रुपए हड़पे हैं। बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ ने ये आरोप भी लगाया है कि जिस तरह एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे को धोखा दिया, उसी तरह वो बीजेपी को भी धोखा देने वाले हैं। बता दें कि गणपत गायकवाड़ डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के करीबी हैं। वहीं, फायरिंग में घायल होने वाले महेश गायकवाड़ को सीएम एकनाथ शिंदे का करीबी बताया जा रहा है। फिलहाल उल्हासनगर में इस घटना के बाद सनसनी है और शिवसेना के कार्यकर्ता काफी उत्तेजित बताए जा रहे हैं।