
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल का गठन आज होने जा रहा है। कुल 9 विधायकों का कैबिनेट के सदस्य के रूप में शपथ लेने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इन सभी 9 विधायकों के नामों की घोषणा भी कर दी है। राज्य में शानदार जीत हासिल करने वाली बीजेपी ने विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री चुना है। उन्होंने 13 दिसंबर को अपने दो डिप्टी सीएम के साथ शपथ ली थी। हालांकि, उनके मंत्रिमंडल के गठन को लेकर अब तक सस्पेंस बना हुआ है।
अब मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले सभी 9 विधायकों के नाम की घोषणा कर इस सस्पेंस को दूर कर दिया है. एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि अब और इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कैबिनेट के सदस्य शुक्रवार को गवर्नर हाउस में शपथ लेने वाले हैं। शपथ लेने वाले मंत्रियों में बृजमोहन अग्रवाल, राम विचार नेताम, दयालदास बघेल, केदारस कश्यप, ओपी चौधरी, टंक राम वर्मा, श्याम बिहारी जायसवाल और लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हैं।
गौरतलब है कि विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल में 10 अतिरिक्त सदस्य शामिल हो सकते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि सीएम और दो डिप्टी सीएम पहले से ही सरकार का हिस्सा हैं. संवैधानिक नियमों के अनुसार, 90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की अधिकतम संख्या 13 हो सकती है। इसलिए, अधिकतम 10 और विधायकों को ही मंत्री नियुक्त किया जा सकता है।
किरणदेव सिंह बने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष
गौरतलब है कि बीजेपी ने गुरुवार को पहली बार विधायक बनीं किरण सिंह देव को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. किरणदेव के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद सीएम विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन्हें बधाई दी है. उन्होंने लिखा, “नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त होने पर जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव को हार्दिक बधाई। मुझे आशा ही नहीं बल्कि पूरा विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व में पार्टी निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में नई ऊंचाइयों को छुएगी।”