newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bihar Communal Violence: बिहार में सांप्रदायिक हिंसा रोकने के लिए और 10 कंपनी केंद्रीय बल रवाना, अब तक 100 से ज्यादा गिरफ्तार

बिहार शरीफ के दो इलाकों में शनिवार को फायरिंग की घटना हुई थी। इसमें 3 लोग घायल हुए थे। घायलों में से एक की मौत हो गई है। वहीं, सासाराम में बम फटने से 6 लोग घायल हुए। सभी हॉस्पिटल में हैं। सासाराम में बम फटने की घटना के बारे में पुलिस का कहना है कि बम हैंडल करने वाले ही घायल हुए हैं।

पटना। बिहार के सासाराम और बिहार शरीफ में सांप्रदायिक हिंसा करने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई का खाका केंद्र सरकार ने तय किया है। सूत्रों के मुताबिक बिहार में और 10 कंपनी केंद्रीय बलों को भेजा गया है। ये सुरक्षाकर्मी शाम तक बिहार पहुंच जाएंगे। जहां राज्य सरकार इनकी जरूरत वाली जगहों पर तैनाती कर सकेगी। अब तक सासाराम में 26 और बिहार शरीफ में 80 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। और भी गिरफ्तारियां होने के आसार हैं। बिहार शरीफ में प्रशासन ने कर्फ्यू लगाया है। वहीं, सासाराम में धारा 144 लगाई गई है। रोहतास में सभी स्कूल-कॉलेज और मदरसों को 4 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है।

sasaram communal violence 1

बिहार शरीफ के दो इलाकों में शनिवार को फायरिंग की घटना हुई थी। इसमें 3 लोग घायल हुए थे। घायलों में से एक की मौत हो गई है। वहीं, सासाराम में बम फटने से 6 लोग घायल हुए। इन सभी को हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। सासाराम में बम फटने की घटना के बारे में पुलिस का कहना है कि बम हैंडल करने वाले ही घायल हुए हैं। वहीं, रोहतास पुलिस ने बताया है कि किसी संप्रदाय के लोगों ने खास क्षेत्र से पलायन नहीं किया है। शनिवार को पलायन के बारे में कई टीवी चैनलों ने खबर दी थी। पुलिस ने ऐसी भ्रामक खबरें न देने का आग्रह मीडिया से किया है।

amit shah interview 1

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज सुबह बिहार के गवर्नर राजेंद्र अर्लेकर से सांप्रदायिक हिंसा की ताजा स्थिति पर चर्चा की। सासाराम में अमित शाह की आज रैली थी। हिंसा के कारण उस रैली को रद्द कर दिया गया। बिहार बीजेपी ने आरोप लगाया है कि अमित शाह की रैली न होने देने की साजिश के तहत ही सासाराम में हिंसा भड़काई गई है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं के पीछे साजिश का शक जताया है।