
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि एमपी सरकार बेटियों और बहनों के कल्याण के लिए संकल्पबद्ध है। जहां स्व-सहायता समूहों के माध्यम से बहनों को आर्थिक उन्नयन के अवसर दिए गए हैं, वहीं लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाएं बेटियों के लिए वरदान बनी हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह कोल्लम में अमृतपुरी आश्रम के 17वें वार्षिक समारोह को संबोधित कर रहे थे। सीएम चौहान की धर्मपत्नी साधना सिंह भी उपस्थित थी। मुख्यमंत्री चौहान ने अमृतपुरी आश्रम में माता अमृतानंदमयी (अम्मा) से आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश में कन्या जन्म को प्रोत्साहित किया गया है। प्रदेश में 43 लाख लाड़ली लक्ष्मी बेटियां हैं। इन्हें उच्च शिक्षा के लिए भी सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार आमजन की सेवा के लिए सक्रिय है। राग, द्वेष भूल कर सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी धर्मों और शास्त्रों का एक ही सार है। प्रत्येक व्यक्ति में परमात्मा के दर्शन किए जा सकते हैं। सृष्टि के कण-कण में परमात्मा विराजमान हैं। गोस्वामी तुलसीदास जी ने कहा था- सिया राम में सब जग जानी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अम्मा प्रेम, करूणा और दया की मूर्ति हैं। वे दीन-दुखियों की सेवा करती हैं। कहा भी गया है कि आप दीन-दुखियों की आंखों में देखें तो साक्षात ईश्वर के दर्शन होंगे। सचमुच अम्मा भी अमृत हैं। वे कई लोगों को नया जीवन दे रही हैं।
Amrita SREE 17th Annual Meet at Amritapuri Ashram #Kollam @Amritanandamayi @AmmaChimes @Amritapuri https://t.co/sUg42WvlW3
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) October 30, 2022
मध्यप्रदेश आकर प्रेम और करूणा का संदेश फैलाए अम्मा
मुख्यमंत्री चौहान ने अम्मा को मध्यप्रदेश आने का आमंत्रण दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से अम्मा का अभिनन्दन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अम्मा मध्यप्रदेश में आकर प्रेम, करूणा का संदेश और आशीर्वाद दें। मध्यप्रदेश में नर्मदा जी बहती हैं, जो सबको जल देती है। अम्मा मध्यप्रदेश आएं और प्रेम, करूणा का जल और दया का सागर बहाएं।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अम्मा पीड़ित मानवता की सेवा कर रही हैं। उन्होंने ऐसी बहनों की सेवा की है जिन्होंने अपने परिवार को खो दिया है। यह विचारणीय है कि सरकारें काफी बड़े बजट से अनेक योजनाएं संचालित करती हैं। इन योजनाओं में प्रेम और करूणा का भाव भी सदैव शामिल रहे तो दुनिया में स्वर्ग उतर आएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आश्रम में आकर हम धन्य हैं।