UP: ‘प्रदेश में दंगा किया तो 7 पीढ़ियां भरेंगी मुआवजा’, CM योगी की दंगाइयों को चेतावनी

UP: योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पर्व-त्यौहार को अंधेरे में धकेल दिया जाता था। तीज-त्योहार के समय प्रदेश में कर्फ्यू लग जाता था। व्यापार ठप्प हो जाता था। मगर अब प्रदेश में कानून का राज है लेकिन आपने विगत साढ़े चार वर्षों में देखा होगा कि उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ।

अविनाश तिवारी Written by: October 17, 2021 2:28 pm

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार का कार्यकाल पूर्ण होने वाला है। उत्तर प्रदेश में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाला है। ऐसे में सभी पार्टियां पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार खड़ी हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में पिछले साढ़े चार साल में एक भी दंगा नहीं हुआ है। पहले प्रदेश की पहचान ही दंगा थी क्योंकि सरकारें दंगाइयों को प्रश्रय देती थीं। दंगों से प्रदेश की जनता प्रताड़ित थी, झूठे मुकदमे दर्ज होते थे। जो मूर्ति बनाता था, उसकी मूर्ति नहीं बिकती थी, जो दिया बनाता था उसके दिये तोड़ दिए जाते थे।

‘दंगा करोगे तो अगली सात पीढ़ियों का पट्टा लिखकर कर जाना’

दरअसल रविवार को पिछड़ा वर्ग मोर्चा सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में पिछले साढ़े चार सालों में एक भी दंगा नहीं हुआ है। दंगाइयों को पहले दिन से ही संदेश दे दिया था कि अगर दंगा करोगे तो अगली सात पीढ़ियों का पट्टा लिखकर कर जाना जो भरपाई करते रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब प्रदेश में दंगा नहीं हो सकता है। सीएम योगी ने सम्मेलन में इसी के साथ कहा कि जो मूर्ति बनाते थे, उसकी मूर्ति नहीं बिकती थी। जो दिये बनाते थे उसके दिये तोड़ दिए जाते थे लेकिन अब प्रदेश में पर्व-त्योहार खुशी से मनाए जा रहे हैं।

दीपावली पर अयोध्या में 9 लाख मिट्टी के दिये जलाए जाएंगे

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पर्व-त्यौहार को अंधेरे में धकेल दिया जाता था। तीज-त्योहार के समय प्रदेश में कर्फ्यू लग जाता था। व्यापार ठप्प हो जाता था। मगर अब प्रदेश में कानून का राज है लेकिन आपने विगत साढ़े चार वर्षों में देखा होगा कि उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। सीएम योगी ने कहा कि हमने साढ़े चार साल में एक भी दंगा नहीं होने दिया। दंगा करने वालों को यह समझा दिया गया कि दंगा करोगे तो सात पीढ़ियां भरपाई करेंगी। इसी के साथ  सीएम योगी ने बताया कि इसबार दीपावली पर अयोध्या में 9 लाख मिट्टी के दिये जलाए जाएंगे। उन्होंने सभी से अपील करते हुए मिट्टी के दिये जलाने के लिए कहा. सीएम योगी ने कहा कि मिट्टी के दिये में लक्ष्मी का वास होता है।

दरअसल योगी सरकार में असमाजिक तत्वों पर जोरदार प्रहार किया। हर साल होने वाले सुनियोजित दंगों पर लगाम लगाने पर योगी सरकार को सफलता मिली है और जो दंगे हुए भी, उनमें जिन लोगों ने सार्वजानिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया उनकी पहचान कर वसूली का कानून बनाया गया।

Latest