newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Cold Wave And Fog: मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड, ज्यादातर जगह न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच; कोहरे की चादर भी बरकरार

पिछले महीने यानी दिसंबर 2023 के मध्य तक सर्दी का अहसास नहीं हो रहा था। ठंड हल्की थी, लेकिन कंपाने वाली सर्दी नहीं पड़ी थी। ऐसे में लोग ये चर्चा कर रहे थे कि इस बार ठंड पड़ेगी या नहीं। 25 दिसंबर के बीतते ही ठंड ने ऐसा कहर बरपाया है कि लोग परेशान हो गए हैं। कोहरे की चादर ने और मुश्किल बढ़ा दी है।

नई दिल्ली। पिछले महीने यानी दिसंबर 2023 के मध्य तक सर्दी का अहसास नहीं हो रहा था। ठंड हल्की थी, लेकिन कंपाने वाली सर्दी नहीं पड़ी थी। ऐसे में लोग ये चर्चा कर रहे थे कि इस बार ठंड पड़ेगी या नहीं। 25 दिसंबर के बीतते ही ठंड ने ऐसा कहर बरपाया है कि लोग परेशान हो गए हैं। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और घने कोहरे के कारण सूरज निकल नहीं रहा है। नतीजे में उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। उत्तर के अलावा पश्चिमी भारत और पूर्वी क्षेत्रों में ठंड के साथ घना कोहरा हो रहा है। न्यूनतम तापमान भी लगातार गिर रहा है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पारा शून्य से नीचे 6.2 डिग्री पर और हिमाचल के कुकुमसेरी में तापमान शून्य से नीचे 7.5 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया है।

उत्तर भारत में कोहरा कई इलाकों में काफी गहरा है। इसकी वजह से तमाम ट्रेनें कई घंटे लेट चल रही हैं। विमान यातायात पर भी कोहरे का असर पड़ने की खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक कल से 11 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं। इससे उत्तरी भारत के अलावा महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में भी कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक आज यूपी, पंजाब, हरियाणा समेत तमाम इलाकों में घना कोहरा छाया है। यूपी के बरेली में मंगलवार को कोहरे के कारण सबसे कम 25 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई थी। राजस्थान, मध्यप्रदेश, असम और त्रिपुरा के अलावा पूर्वी यूपी और बिहार के कई इलाकों में कोहरा देखा जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में डल झील जम गई है। कश्मीर के पहाड़ों में जमकर बर्फबारी हो रही है। श्रीनगर और कुछ हिस्सों में 5 जनवरी तक बारिश और बर्फ गिरने के आसार हैं।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण तमाम जिलों में ठंड का कहर है। इससे सटे पंजाब और हरियाणा के भी ज्यादातर जिलों में ठंड का बड़ा असर देखने को मिल रहा है। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री पर आ गया है। अन्य शहरों में भी 7 से 9 डिग्री के बीच न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी और पूर्वी यूपी में आने वाले दिनों में भी तापमान और गिरने का अंदेशा जताया जा रहा है।