newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Cold Wave And Fog: अभी और कितने दिन सताएगी सर्दी?, जानिए मौसम विभाग ने क्या बताया

Cold Wave And Fog: देश के पहाड़ी इलाकों में तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक लद्दाख के न्योमा में तापमान शून्य से नीचे 18.9 दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस पर रहा। हिमाचल प्रदेश के कल्पा में तापमान शून्य से नीचे 3.4 डिग्री दर्ज किया गया।

नई दिल्ली। उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। घने कोहरे के कारण सूरज के दर्शन नहीं हो रहे हैं। इससे ठंड से लोग और कांप रहे हैं। बर्फीली हवा से गलन भी काफी हो रही है। हालत ये है कि लोगों को हीटर वगैरा से भी कोई ज्यादा फायदा नहीं हो रहा है। ये ठंड कब तक इसी तरह सितम ढाएगी? लोग ये सवाल पूछ रहे हैं। वहीं, मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि फिलहाल शीतलहर और कोहरे से निजात मिलने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने बताया है कि 25 जनवरी तक उत्तर भारत में इसी तरह शीतलहर जारी रहेगी। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक 25 तारीख तक तापमान 6 से 20 डिग्री के बीच रहेगा। मैदानी इलाकों से कोहरा भी न छंटने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। ऐसे में अभी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।

देश के पहाड़ी इलाकों में तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक लद्दाख के न्योमा में तापमान शून्य से नीचे 18.9 दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस पर रहा। हिमाचल प्रदेश के कल्पा में तापमान शून्य से नीचे 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में भी तापमान 3 डिग्री से लेकर 7 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग का कहना है कि सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में अगले 5 दिन तक बारिश हो सकती है। ऐसे में पूर्वोत्तर के अधिकांश राज्यों में भी सर्दी का सितम जारी रहने का अनुमान है। ठंड और घने कोहरे के कारण लोगों की दिनचर्या भी काफी मुश्किल हो गई है। आवागमन में भी कोहरे ने काफी असर डाला है।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली समेत तमाम स्टेशनों पर ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं। विमान यातायात पर कोहरे का असर भी लगातार कई दिनों से दिख रहा है। ठंड के कारण लोग जरूरत पड़ने पर या नौकरी पर जाने के लिए घर से निकल रहे हैं। तमाम लोगों का ये कहना है कि इस बार जनवरी में जैसी ठंड कुछ दिनों से हो रही है, वैसी बीते कुछ साल में नहीं दिखी। उम्मीद ये है कि इस महीने के अंत से ठंड का प्रकोप कम होना शुरू होगा।