newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Congratulations pour For Neeraj Chopra: भारत को विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पहली बार गोल्ड दिलाने पर नीरज चोपड़ा को बधाइयों का तांता, जानिए किसने क्या कहा

नीरज चोपड़ा ने बुडापेस्ट में हो रही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 88.17 मीटर तक जेवलिन थ्रो कर भारत को गोल्ड दिलाया है। वो ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने हैं। इससे पहले नीरज ने ओलंपिक में भी एथलेटिक्स स्पर्धा में पहली बार गोल्ड दिलाया था। नीरज की मेहनत और देश का मान बढ़ाने के लिए बधाई मिल रही है।

नई दिल्ली। जेवलिन थ्रो कर भारत को पहली बार विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड दिलाने पर नीरज चोपड़ा के लिए देशभर से बधाई मिलने का तांता लग गया है। नीरज चोपड़ा ने बुडापेस्ट में हो रही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 88.17 मीटर तक जेवलिन थ्रो कर भारत को गोल्ड दिलाया है। वो इस स्पर्धा में गोल्ड हासिल करने वाले पहले भारतीय बने हैं। इससे पहले नीरज ने ओलंपिक में भी भारत को एथलेटिक्स स्पर्धा में पहली बार गोल्ड दिलाया था। नीरज की मेहनत और देश का मान बढ़ाने के लिए हर तरफ से बधाई मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत को पहली बार गोल्ड मेडल दिलाने पर नीरज चोपड़ा की जमकर तारीफ की है। मोदी ने लिखा कि नीरज चोपड़ा की लगन और खेल के प्रति उनका जज्बा एथलेटिक्स में ही चैंपियन नहीं बनाता, बल्कि पूरे खेल जगत में उनको सर्वश्रेष्ठ भी साबित करता है।

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी नीरज चोपड़ा को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी है।

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने लिखा कि नीरज ने एक बार फिर कर दिखाया। उन्होंने लिखा कि पूरा देश आप पर गर्व करता है। भारत के खेल इतिहास में आप हमेशा याद किए जाएंगे

वहीं, पूर्व खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने लिखा कि नीरज चोपड़ा ने इतिहास रच दिया और भारत को  फिर गौरवान्वित किया है। रिजिजू ने ट्विटर पर लिखा कि विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की स्पर्धा जीतने पर नीरज चोपड़ा को बहुत बधाई।

नीरज चोपड़ा भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर हैं। ऐसे में सेना का भी खुश होना लाजिमी ही है। सेना ने भी नीरज के गोल्डन थ्रो का वीडियो शेयर कर उनको बधाई दी है।

देश के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से भी नीरज चोपड़ा को विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी गई है। पार्टी ने कहा है कि गोल्डन ब्वॉय ने एक बार फिर विश्व पटल पर तिरंगा फहरा दिया है।

नीरज चोपड़ा के लिए उनके फैंस भी काफी उत्साहित हैं। सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर नीरज के फैंस उनके गोल्डन थ्रो का वीडियो और फिर तिरंगे के साथ फोटो को शेयर कर रहे हैं। फैंस का उत्साह इस वजह से भी ज्यादा है, क्योंकि पहली बार किसी भारतीय खिलाड़ी ने देश को विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल दिलाया  है। इसके साथ ही नीरज चोपड़ा ने अगले ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। इससे भी फैंस का उत्साह चरम पर है।