newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Rajasthan: कांग्रेस विधायक ने ही लगाया अशोक गहलोत पर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप, इस मंत्री की ओर किया इशारा

भरत सिंह ने कहा कि सरकार बचाना कोई आसान काम नहीं है। ये काम गहलोत के सिवा और कोई नहीं कर सकता। इसलिए अशोक गहलोत भ्रष्टाचार पर चुप्पी साधे हुए हैं। बता दें कि पहली बार राजस्थान में किसी कांग्रेस नेता ने अशोक गहलोत पर अपनी सरकार को बचाए रखने के लिए भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस विधायक भरत सिंह और अशोक गहलोत की फाइल फोटो।

झालावाड़। राजस्थान में कांग्रेस के विधायक लगातार सीएम अशोक गहलोत को ही घेर रहे हैं। अशोक गहलोत पर ताजा निशाना कोटा जिले के सांगोद से कांग्रेस के विधायक भरत सिंह ने साधा है। भरत सिंह ने मंगलवार को नाम लिए बगैर बारां जिले के प्रभारी खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया को भ्रष्ट बताया। भरत सिंह ने ये भी कहा कि ऐसे भ्रष्टों को सरकार में बनाए रखना सीएम गहलोत की मजबूरी बन गई है। भरत सिंह ने कहा कि वो प्रमोद जैन भाया के भ्रष्टाचार के खिलाफ 23 जनवरी को बारां में धरना देंगे। भरत सिंह ने कहा कि लोग डरते हैं और इसी वजह से भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जुबान नहीं खोलते, लेकिन मैं चुप नहीं बैठने वाला हूं।

rajasthan minister pramod jain bhaya
अशोक गहलोत सरकार में मंत्री प्रमोद जैन भाया की फाइल फोटो।

कांग्रेस के विधायक भरत सिंह ने कहा कि 23 जनवरी से राजस्थान विधानसभा का सत्र होने जा रहा है। उसी तारीख को मैं बारां के कलेक्ट्रेट पर हजारों लोगों के साथ धरना प्रदर्शन करूंगा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के आला नेताओं तक बात पहुंचानी है और दबाव डालना है कि गहलोत सरकार भ्रष्टाचार करने वालों पर सख्त कार्रवाई करे। भरत सिंह ने कहा कि सीएम गहलोत शून्य भ्रष्टाचार की घोषणा करते हैं। अगर भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होगी, तो कांग्रेस और भी ज्यादा मजबूत होगी। भरत सिंह ने कहा कि सरकार बचाने के लिए भ्रष्ट लोग मुख्यमंत्री गहलोत की मजबूरी बन गए हैं।

ashok Gehlot

उन्होंने कहा कि सरकार बचाकर रखनी है। इसी वजह से आज के गांधीवादी नेता यानी गहलोत ऐसा कर रहे हैं। भरत सिंह ने कहा कि सरकार बचाना कोई आसान काम नहीं है। ये काम गहलोत के सिवा और कोई नहीं कर सकता। इसलिए अशोक गहलोत भ्रष्टाचार पर चुप्पी साधे हुए हैं। बता दें कि पहली बार राजस्थान में किसी कांग्रेस के नेता ने अशोक गहलोत पर अपनी सरकार को बचाए रखने के लिए भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।