newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Congress Candidate List : कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, वायनाड से ही लड़ेंगे राहुल गांधी

Congress Candidate List : 39 उम्मीदवारों की पहली सूची में 15 लोग सामान्य वर्ग से और 24 लोग SC, ST, OBC और अल्पसंख्यक वर्ग से हैं।

नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आज जारी कर दी। इस लिस्ट में 39 उम्मीदवारों का नाम है। लिस्ट के अनुसार पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगे वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस बार राजनांदगांव से चुनावी मैदान में ताल ठोकते नजर आएंगे।

दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हम अब चुनावी मोड में आ चुके हैं। एक तरफ हमारे नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर रहे हैं। यात्रा अब गुजरात पहुंच चुकी है और कई राज्यों को कवर कर चुकी है। 17 मार्च को मुंबई में विशाल रैली होगी। हमने INDIA गठबंधन की सहयोगी पार्टियों के सभी नेताओं को मुंबई रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। वेणुगोपाल ने कहा कि हम आज 39 उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा कर रहे हैं, जिसमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेष बघेल शामिल हैं। इस सूची में 15 लोग सामान्य वर्ग से और 24 लोग SC, ST, OBC और अल्पसंख्यक वर्ग से हैं। आपको बता दें कि पहली लिस्ट में अभी अमेठी और रायबरेली के उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है।

कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आने से एक दिन पहले ही पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। गुरुवार को हुई इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, सचिन पायलट समेत तमाम कद्दावर नेता मौजूद थे। राहुल गांधी अभी भारत जोड़ो न्याय यात्रा में व्यस्त हैं इसलिए वो मीटिंग में शामिल नहीं हुए। इस बैठक के बाद ही ये लग रहा था कि कांग्रेस नेतृत्व कभी भी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर सकती है। अब पार्टी ने पहली लिस्ट जारी कर दी है।