
नई दिल्ली। देशभर में जहां इस वक्त जन्माष्टमी की धूम है तो वहीं, दही हांडी को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बता दें कि इस साल 2023 में जन्माष्टमी को लेकर लोगों के मन में कन्फ्यूजन बनी हुई थी। कुछ लोग 6 सितंबर को जन्माष्टमी बता रहे थे तो वहीं, कुछ लोग 7 सितंबर को जन्माष्टमी मनाने का दावा कर रहे थे। यही वजह है कि कई लोगों ने एक दिन पहले यानी 6 सितंबर को ही जन्माष्टमी का पर्व मना लिया है। वहीं, आज भी कई जगहों पर जन्माष्टमी मनाई जा रही है। जन्माष्टमी के बीच लोगों में दही हांडी को लेकर भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। अगर आपने कभी भी पहले दही हांडी नहीं देखी है तो आज हम आपको बताएंगे उन जगहों के बारे में जहां का दही हांडी उत्सव मशहूर है…
इन जगहों की दही हांडी है लोकप्रिय
ठाणे
जन्माष्टमी के दिन अगर आप दही हांडी उत्सव देखना चाहते हैं तो आप मुंबई के ठाणे जा सकते हैं। यहां जन्माष्टमी के अगले दिन दही हांडी का उत्सव मनाया जाता है। ठाणे की दही हांडी को मुंबई की सबसे अमीर दही हांडी भी कहा जाता है। इस दौरान जिस टीम की जीत होती है उन्हें बड़ी रकम भी दी जाती है।
खारघर
खारघर में भी दही हांडी काफी खास तरह से मनाई जाती है। मुंबई में लोकप्रिय दही हांडी कार्यक्रमों में ये भी शामिल है। यहां टांगी जाने वाली दही हांडी को फोड़ना इतना कठिन होता है कि कई बार तो भी टीमें हार मान जाती हैं।
घाटकोपर
मुंबई के घाटकोपर की दही हांडी भी काफी प्रसिद्ध है। इसकी चर्चा इसलिए भी ज्यादा होती है क्योंकि यहां बॉलीवुड सेलेब्स भी अक्सर दही हांडी उत्सव देखने पहुंचते हैं।
श्री कृष्ण ध्यान मंदिर
मुंबई में श्री कृष्ण ध्यान मंदिर तो मशहूर है ही साथ ही जन्माष्टमी के मौके पर तो इसकी रौनक और भी बढ़ जाती है। अगर आप अपनी जन्माष्टमी खास बनाना चाहते हैं तो यहां जरूर जाएं।