
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 47 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। इनके साथ 5 भारतीय एजेंट्स को भी दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये भारतीय एजेंट्स इन बांग्लादेशी नागरिकों के फर्जी रेंट एग्रीमेंट, पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड आदि बनवाते थे। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है। दक्षिण पूर्व दिल्ली से अब तक 75 से ज्यादा अवैध बांग्लादेशियों को पकड़ा गया है। इन सभी को वापस उनके देश भेजने की कार्यवाही चल रही है।
#WATCH दिल्ली: दक्षिण पूर्वी दिल्ली के DCP रवि कुमार सिंह ने कहा , “… दक्षिण पूर्वी जिले में हमने अभी तक 75 से ज्यादा अवैध बांग्लादेशियों को पकड़ा है। हमने अभी तक 47 बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया है और 5 भारतीय एजेंट्स को गिरफ्तार किया है…” pic.twitter.com/yXsat12CUo
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 3, 2025
दक्षिण पूर्वी दिल्ली के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार के निर्देशानुसार अवैध अप्रवासियों की धरपकड़ का अभियान चलाया जा रहा है। डीसीपी ने बताया कि चांद मियां नाम का आदमी बांग्लादेशियों को भारत में लाता है और उनके फर्जी दस्तावेज बनवाने का मास्टरमाइंड है। उसको पकड़ने के बाद उसकी ही निशानदेही पर 33 बांग्लादेशी नागरिकों को चेन्नई से और 8 बांग्लादेशियों को विजयवाड़ा से हिरासत में लिया गया है। डीसीपी के मुताबिक चांद मियां बांग्लादेश जाता रहता था और एक बार में 8 से 10 बांग्लादेशियों को अवैध तरीके से भारत में एंट्री दिलाता था। वो काफी समय से इस काम को कर रहा था, फिलहाल उससे भी पूछताछ की जा रही है।
इससे पहले गुजरात में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 550 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया था। पहले सूरत में 100 बांग्लादेशियों को पकड़ा गया उसके बाद अहमदाबाद में 457 लोगों को हिरासत में लिया गया। इन सभी से भी पूछताछ की जा रही है और इनके दस्तावेजों का सत्यापन भी कराया जा रहा है। कई लोगों को बांग्लादेश डिपोर्ट किया जा चुका है और कईयों के डिपोर्ट ऑर्डर आना बाकी हैं। पिछले कुछ समय से देश भर में अवैध अप्रवासियों के खिलाफ जोरदार एक्शन चल रहा है।