
नई दिल्ली। एक साल से ज्यादा वक्त तक दिल्ली की सीमाएं घेरने वाले आंदोलन के बाद एक बार किसान फिर दिल्ली में आज दस्तक देने जा रहे हैं। भारतीय किसान संघ IFA ने आज दिल्ली के रामलीला मैदान में गर्जना रैली रखी है। संघ के सूत्रों के मुताबिक इस रैली में 50000 से ज्यादा किसान आएंगे। रैली में किसानों को लाने के लिए संघ ने 800 बसें और 400 निजी गाड़ियों का इंतजाम किया है। सुबह करीब 11 बजे से किसान गर्जना रैली होगी और शाम तक चलेगी। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। रैली स्थल से निकलकर कोई भी हुड़दंग या हिंसा न कर सके, इसका पुख्ता इंतजाम किया गया है।
दिल्ली पुलिस किसानों की गर्जना रैली के कारण अतिरिक्त चौकसी बरत रही है। किसान आंदोलन के दौरान निकाली गई ट्रैक्टर रैली के कारण लालकिला और अन्य जगह खूब हिंसा हुई थी। पुलिसकर्मियों को किसान के भेष में आए लोगों ने जमकर पीटा था। लालकिले पर खालिस्तान का झंडा तक फहरा दिया गया था। ये सबकुछ 26 जनवरी के दिन हुआ था। इसके बाद से ही किसानों के किसी भी आंदोलन के आह्वान पर दिल्ली पुलिस ने खासी चौकसी बरतनी शुरू कर दी है। इस चौकसी में आज भी कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने किसान गर्जना रैली के कारण होने वाली ट्रैफिक की दिक्कत भी बताई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवायजरी जारी की है। इसके तहत मिंटो रोड, महाराजा रणजीत सिंह मार्ग, गोल चक्कर, चमनलाल मार्ग, अजमेरी गेट, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, कमला मार्केट, दिल्ली गेट, भवभूति मार्ग और पहाड़गंज इलाकों में कई जगह ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाना है। बाराखंभा रोड और झंडेवालान में भी ट्रैफिक रोका जा सकता है। नई दिल्ली स्टेशन, पुरानी दिल्ली स्टेशन, आईएसबीटी और निजामुद्दीन स्टेशन जाने वालों को काफी पहले घर से निकलने की सलाह दिल्ली पुलिस ने दी है।