newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather Update: सक्रिय हुआ एक और पश्चिमी विक्षोभ, जानिए कैसा रहने वाला है आपके राज्य में मौसम?

Weather Update: बीते दिनों ही मौसम विभाग के डायरेक्टर जनरल मृत्युंजय महापात्र ने बताया था कि फरवरी में लोगों को काफी गर्मी का अहसास हो रहा है। उन्होंने कहा था कि ग्लोबल वॉर्मिंग की वजह से इस बार ठंड कम पड़ी है। मौसम विभाग के डायरेक्टर जनरल का कहना था कि फरवरी के अंत या मार्च के पहले हफ्ते तक तापमान में काफी बढ़ोतरी होगी और इस बार वसंत का मौसम देखने को नहीं मिलेगा। अब ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है।

नई दिल्ली। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में मौसम ने करवट ली है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले हिस्सों में जमकर बर्फ गिरी है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के तमाम इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण और बर्फबारी होगी और कुछ जगह बारिश भी देखने को मिलेगी। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और इसके साथ तेज हवा के कारण दिल्ली और आसपास अचानक ठंड लौट आई है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और एनसीआर में ठंडी हवाएं अभी चलती रहेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा और पंजाब में भी मौसम करवट ले रहा है। कुछ दिन बाद दोनों राज्यों में तापमान बढ़ने की उम्मीद है।

cold wave 1

मध्य प्रदेश, गुजरात, बिहार और झारखंड में कई जगह तापमान बढ़ा था, लेकिन इन राज्यों में तापमान में कुछ गिरावट आई है। राजस्थान के बारे में मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिन राज्य में लोगों को ठंड का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, यूपी में भी तेज रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने का मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है। कुछ जगह कोहरा भी छा सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वोत्तर के राज्यों में चक्रवाती संचरण के कारण बर्फबारी और बारिश देखने को मिल सकती है। असम, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा और मिजोरम में हल्की बारिश संभव है। जबकि, अरुणाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने और राज्य में कुछ जगह भारी बारिश के आसार हैं। पश्चिम बंगाल के हिमालय से लगे इलाकों और सिक्किम में भी हल्की बारिश होने की बात मौसम विभाग ने कही है।

बीते दिनों ही मौसम विभाग के डायरेक्टर जनरल मृत्युंजय महापात्र ने बताया था कि फरवरी में लोगों को काफी गर्मी का अहसास हो रहा है। उन्होंने कहा था कि ग्लोबल वॉर्मिंग की वजह से इस बार ठंड कम पड़ी है। मौसम विभाग के डायरेक्टर जनरल का कहना था कि फरवरी के अंत या मार्च के पहले हफ्ते तक तापमान में काफी बढ़ोतरी होगी और इस बार वसंत का मौसम देखने को नहीं मिलेगा। इसकी जगह तेज गर्मी लोगों को परेशान करेगी। बताया जा रहा है कि मौसम में ये बदलाव ला नीना प्रभाव के कारण भी आया है। ला नीना के कारण ही 2024 में मॉनसून के वक्त औसत से ज्यादा बारिश भी हुई थी।