newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Cold wave In North India: पहाड़ों में बर्फबारी से दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में लगातार बढ़ रही ठंड, जानिए कितना पहुंच गया है न्यूनतम तापमान

Cold wave In North India: पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने के साथ ही उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड लगातार बढ़ रही है। वहीं, दिल्ली समेत कई जगह प्रदूषण के कारण धुंध की चादर भी छाई हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में ठंड में और बढ़ोतरी होने जा रही है।

नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने के साथ ही उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड लगातार बढ़ रही है। वहीं, दिल्ली समेत कई जगह प्रदूषण के कारण धुंध की चादर भी छाई हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में ठंड में और बढ़ोतरी होने जा रही है। राजधानी दिल्ली में बुधवार रात को पारा 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में भी ठंडी हवाएं चलती रहीं और तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा। इससे पहले दिल्ली में सोमवार की रात 16.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। यानी 2 दिन में ही न्यूतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार यूपी में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। यहां भी कई जिलों में धुंध और कोहरा देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में कोहरा और घना होने के आसार जताए जा रहे हैं। राजस्थान के चुरू और माउंट आबू में भी ठंड काफी तेज हो गई है। वहीं, पंजाब और हरियाणा में भी ठंड लगातार बढ़ रही है। पंजाब में न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। वहीं, हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में भी न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट आई है। बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश में भी ठंड ने दस्तक दी है। यहां भी तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बिहार के भी कुछ हिस्सों में कोहरा छाने की खबर है।

मौसम विभाग ने पहले ही बता रखा है कि इस साल ला नीना के प्रभाव के कारण कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। ला नीना प्रभाव में प्रशांत महासागर का पानी ठंडा हो जाता है। इसका असर भारत में देखा जाता है। ला नीना प्रभाव के कारण ही इस साल मानसून के सीजन में औसत से ज्यादा बारिश भी दर्ज की गई थी। इससे पहले एल नीनो प्रभाव के कारण समुद्र की सतह का तापमान जमीन से ज्यादा था। इससे बारिश भी ज्यादा नहीं हो रही थी और ठंड भी कम पड़ रही थी।