newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Anubrat Mandal: ममता के करीबी टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल के बाद उनकी टीचर बेटी सुकन्या भी ईडी की गिरफ्त में, ये है मामला

सुकन्या को ईडी ने कई बार पूछताछ के लिए पहले बुलाया था, लेकिन वो जा नहीं रही थीं। पिछली बार 15 मार्च को ईडी ने सुकन्या मंडल को दिल्ली तलब किया था। तब भी उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर दिल्ली जाने में असमर्थता दिखाई थी। ऐसे में ईडी के अफसरों ने उनसे बुधवार को पूछताछ की।

नई दिल्ली। टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के करीबी नेता अनुब्रत मंडल के बाद अब उनकी बेटी सुकन्या मंडल की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने सुकन्या मंडल को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले सीबीआई और फिर ईडी ने अनुब्रत मंडल को गिरफ्तार किया था। सुकन्या मंडल की गिरफ्तारी पशु तस्करी के मामले में पूछताछ के बाद की गई। इसी मामले में सीबीआई ने अगस्त 2022 में अनुब्रत मंडल को गिरफ्तार किया था। सूत्रों के मुताबिक ईडी के अफसरों ने अनुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या को पहले बेहिसाब संपत्ति और बैंक खातों के मामले में जानकारी देने के लिए तलब किया था। सुकन्या सरकारी स्कूल में टीचर हैं।

sukanya mandal

सुकन्या को ईडी ने कई बार पूछताछ के लिए पहले बुलाया था, लेकिन वो जा नहीं रही थीं। पिछली बार 15 मार्च को ईडी ने सुकन्या मंडल को दिल्ली तलब किया था। तब भी उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर दिल्ली जाने में असमर्थता दिखाई थी। ऐसे में ईडी के अफसरों ने उनसे बुधवार को पूछताछ की। सुकन्या के पिता अनुब्रत मंडल पश्चिम बंगाल के बीरभूम में टीएमसी के जिला अध्यक्ष थे। वो ममता बनर्जी के करीबी नेता माने जाते हैं। ममता उनको केष्टो नाम से पुकारती हैं। अनुब्रत मंडल पर बांग्लादेश को पशु तस्करी करने का संगीन आरोप है।

tmc anubrata mondal

सीबीआई ने अनुब्रत को भ्रष्टाचार के मामले में पकड़ा था। फिर ईडी ने 17 नवंबर 2022 को पशु तस्करी से आय और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में अनुब्रत को गिरफ्तार किया। अनुब्रत मंडल अभी दिल्ली के तिहाड़ जेल में हैं। उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दी है, लेकिन कोर्ट ने अब तक उनकी अर्जी पर सुनवाई नहीं की है। अनुब्रत से पहले सीबीआई ने पशु तस्करी के मामले में अनुब्रत की मदद करने के आरोपी उनके सुरक्षाकर्मी सहगल हुसैन और सरगना इनामुल हक को भी गिरफ्तार किया था। इसके अलावा ईडी ने अनुब्रत के सीएम मनीष कोठारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।