
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश से एक अहम खबर सामने आ रही है। जहां एटा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और सपा नेता जुगेंद्र सिंह यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि बीते कई वक्त से गैंगस्टर एक्ट, डकैती जैसे कई मामलों में केस दर्ज होने के बाद से जुगेंद्र यादव फरार चल रहा था। हाल ही के दिनों में एटा पुलिस ने जुगेंद्र सिंह यादव पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। उन पर डकैती, छेड़छाड़ समेत 109 मुकदमे दर्ज किए गए थे। एटा पुलिस ने सपा नेता जुगेंद्र यादव को गैंगस्टर,अपहरण और दुष्कर्म के कई गंभीर आरोपों में धर दबोचा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आगरा से जुगेंद्र यादव की गिरफ्तारी हुई है। ज्ञात हो कि इससे पहले आगरा में प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत जुगेंद्र सिंह यादव की 15 बीघा जमीन कुर्क की थी। जो कि उनके पत्नी के नाम पर थी।
सपा नेता की गिफ्तारी एटा की एसओजी पुलिस और सर्विलंस टीम ने मिलकर की है। आपको बता दें कि जुगेंद्र यादव सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के रिश्तेदार और करीबी माने जाते हैं। इतना ही नहीं जुगेंद्र यादव ने एटा सदर विधानसभा से सपा के टिकट पर 2017 और 2022 का चुनाव भी लड़ा था। इससे पहले उनके बड़े भाई रामेश्वर सिंह को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
उधर जुगेंद्र यादव के गिरफ्तारी के बाद एटा पुलिस ने भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी है। इससे पहले सपा नेता की कई संपत्तियों पर बुलडोजर वाला एक्शन भी हुआ था। बता दें कि साल 2021 में सपा नेता जुगेंद्र यादव पर एक महिला ने अपने बेटे से मारपीट और लूटपाट करने का इल्जाम लगाया था। इसके बाद मामले की तफशील से जांच की गई है और उनके खिलाफ चार्जशीट दायर की गई। इस मामले को लेकर उनको कई बार पुलिस ने पूछताछ के लिए भी बुलाया। लेकिन वो हाजिर नहीं हुए।