
पटना। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं। ये मोहब्बत की दुकान किस अंदाज में खुली, इसका नजारा शुक्रवार को बिहार की राजधानी पटना में उस वक्त दिखा, जब भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ही दो गुट आपस में भिड़ गए। कांग्रेसियों के दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। गिरेबान पकड़ लिया गया और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। खास बात ये कि कांग्रेसियों के दोनों गुट प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और विधायक दल के नेता अजीत शर्मा के सामने ही भिड़ते रहे।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 5 जनवरी को बांका के मंदार पर्वत से शुरू हुई थी। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल हुए थे। भारत जोड़ो यात्रा गया तक जानी है। समापन समारोह में राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा को भी शामिल होने का न्योता भेजा गया है। बांका से चलकर भारत जोड़ो यात्रा पटना पहुंची थी। वहां कांग्रेस के लोगों को पटना साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेकने जाना था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान मारपीट हुई। कांग्रेस के नेता पप्पू त्रिवेदी और शम्मी कपूर के बीच तू-तू, मैं-मैं के बाद दोनों गुट भिड़ गए। पटना साहिब के दर्शन और वीआईपी लॉबी में बैठने के मुद्दे पर विवाद हुआ था। वीआईपी के लिए अलग व्यवस्था थी। जिससे विवाद खड़ा हुआ। बीजेपी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मारपीट का वीडियो जारी कर चुटकी भी ली है।
This scene is not of a roadside lumpenism.
They are brave soldiers of Congress’s crown prince Rahul Gandhi. At Harimandir Sahibji in Patna, INC leaders are abusing each other by kicking and punching.
Rahul Gandhi should do ‘Congress Jodo Yatra’ instead of ‘Bharat Jodo Yatra’. pic.twitter.com/ZUZDi8E7vp
— Nikhil Anand (@NikhilAnandBJP) February 10, 2023
हालत ये थी कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं के सामने ही दोनों गुट गालीगलौज पर उतर आए। प्रदेश अध्यक्ष ने जब माहौल देखा, तो वो भी मौके से चले गए। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें आपस में कांग्रेस के कार्यकर्ता गुत्थम-गुत्था होते देखे जा रहे हैं। फिलहाल इस मामले में कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने किसी पर भी कार्रवाई नहीं की है। वरिष्ठ नेता इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। ये जरूर है कि कांग्रेसियों ने राहुल गांधी और पार्टी की इज्जत को धब्बा जरूर लगा दिया।