newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP Flood: नेपाल ने सरयू नदी में छोड़ा 5 लाख क्यूसेक पानी, यूपी के कई जिलों में बाढ़ का खतरा

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों बाढ़ नियंत्रण और लोगों को राहत देने के लिए उच्चस्तर की बैठक की थी। इसमें उन्होंने नेपाल और उत्तराखंड से आने वाली नदियों पर हमेशा नजर रखने के लिए कहा था। साथ ही पहले से ये भी तय करने को कहा था कि किन इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाएगा।

लखनऊ। हिमाचल, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के बाद अब यूपी पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इसकी वजह नेपाल से आने वाली नदियां हैं। जानकारी के मुताबिक नेपाल ने बीते दो दिन में सरयू नदी में 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ दिया है। इससे यूपी के तमाम जिलों में बाढ़ आने की आशंका है। सरयू और घाघरा समेत तमाम नदियों में बारिश के समय हर साल नेपाल की तरफ से पानी छोड़ा जाता है। इससे यूपी के दर्जनों गांव जलमग्न होते हैं। मऊ के दोहरीघाट में सरयू नदी खतरे के निशान से 1.35 मीटर नीचे बह रही है। यहां खतरे का निशान 69.90 मीटर है। सिंचाई विभाग के मुताबिक नेपाल ने शुक्रवार और शनिवार को अपने तीन बैराज से 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा है।

saryu flood 3

नेपाल की तरफ से पानी छोड़े जाने के दौरान शुक्रवार को सरयू नदी में पानी का स्तर 68 मीटर से कुछ ऊपर था। वहीं, शनिवार को नेपाल की तरफ से फिर पानी छोड़े जाने के बाद इसका स्तर 68.55 मीटर चला गया। सिंचाई विभाग लगातार नदी में जल के बहाव पर नजर रख रहा है। सरयू नदी कटान भी खूब करती है। इस वजह से गांवों में लोग चिंता में हैं। सरयू की बाढ़ से फसलों को भी बड़ा नुकसान पहुंच सकता है। सरयू के किनारे के अन्य जिलों में भी पानी लगातार बढ़ रहा है। अयोध्या और बहराइच में दिक्कत बढ़ सकती है।

CM Yogi Adityanath Meeting

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों बाढ़ नियंत्रण और लोगों को राहत देने के लिए उच्चस्तर की बैठक की थी। इसमें उन्होंने नेपाल और उत्तराखंड से आने वाली नदियों पर हमेशा नजर रखने के लिए कहा था। साथ ही पहले से ये भी तय करने को कहा था कि किन इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाएगा। इसी निर्देश के तहत जिलों का प्रशासन काम कर रहा है।