newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Commercial LPG Cylinder: त्योहारी सीजन में बाहर खाना और मिठाई खरीदना महंगा होने के आसार, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में फिर इजाफा, जानिए अब कितनी हुई कीमत

सूत्रों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में रसोई गैस की कीमत में बढ़ोतरी की वजह से तेल कंपनियां सस्ते में सिलेंडर नहीं दे पा रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसकी कीमत में और भी बढ़ोतरी हो सकती है। वैसे राज्य सरकारें चाहें, तो वैट घटाकर कॉमर्शियल सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों को राहत दे सकती हैं।

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में बाहर खाने से पहले आपको शायद अब 10 बार सोचना होगा। वजह है कि होटल-रेस्तरां और मिठाई की दुकानों में चीजें अब महंगी हो सकती हैं। इसका कारण नीले-लाल रंग का कॉमर्शियल गैस का सिलेंडर है। 1 नवंबर की तारीख आते ही सरकारी तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 100 रुपए से ज्यादा का इजाफा कर दिया है। अक्टूबर में भी कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। अब होटल-रेस्तरां और मिठाई की दुकानों में आज से महंगा कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पहुंचेगा, तो उनको भी अपनी चीजों के रेट बढ़ाने पड़ सकते हैं।

LPG Price

सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वजन के कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा किया, तो दिल्ली में इसकी कीमत 1731 रुपए से बढ़कर 1833 रुपए हो गई है। वहीं, मुंबई में अब कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 1785.50 रुपए का मिलेगा। बीते कल तक इसकी कीमत 1684 रुपए थी। कोलकाता में 19 किलो का कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1839.50 की जगह अब 1943 रुपए होगी। वहीं, चेन्नई में कॉमर्शियल गैस का सिलेंडर अब 1999.50 रुपए का मिलेगा। मंगलवार तक चेन्नई में इस सिलेंडर की कीमत 1898 रुपए थी। इस तरह कोलकाता में सबसे ज्यादा 103.50 रुपए प्रति कॉमर्शियल गैस सिलेंडर बढ़े हैं। बीच में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में गिरावट आई थी, लेकिन अब इसमें फिर तेजी आ गई है। अक्टूबर में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में सरकारी तेल कंपनियों ने 209 रुपए का इजाफा किया था।

LPG Cylinder Price:

राहत की बात ये है कि लाल रंग के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा नहीं किया गया है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 14.2 किलो के होते हैं। केंद्र सरकार ने आम लोगों के लिए घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में रक्षाबंधन से पहले 200 रुपए की कमी की थी। वहीं, उज्ज्वला योजना की महिला धारकों को घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 400 रुपए कम में मिल रहा है। हालांकि, कॉमर्शियल गैस के सिलेंडर की कीमतों में इजाफे से त्योहार और आने वाले सहालग के सीजन में खाने-पीने की तमाम चीजें महंगी होने के आसार दिखने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में रसोई गैस की कीमत में बढ़ोतरी की वजह से तेल कंपनियां सस्ते में सिलेंडर नहीं दे पा रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसकी कीमत में और भी बढ़ोतरी हो सकती है। वैसे राज्य सरकारें चाहें, तो वैट घटाकर कॉमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों को राहत दे सकती हैं।