newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Sushil Kumar Modi Cancer : 6 महीने से कैंसर से जंग लड़ रहे हैं बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सशील कुमार मोदी

Sushil Kumar Modi Cancer : वरिष्ठ बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी 33 साल के सार्वजनिक जीवन में राज्यसभा, लोकसभा, विधान परिषद और विधान सभा सहित सभी चार सदनों के सदस्य रह चुके हैं। पांच साल तक उन्होंने विधान परिषद में भी नेता-प्रतिपक्ष का दायित्व निभाया।

नई दिल्ली। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी पिछले 6 महीने से कैंसर से जूझ रहे हैं। इस बात की जानकारी आज उन्होंने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने एक्स पर लिखा कि पिछले 6 माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूँ। अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है। लोक सभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊँगा। पीएम नरेंद्र मोदी को सब कुछ बता दिया है। देश, बिहार और पार्टी का सदा आभार और सदैव समर्पित। सुशील मोदी को शरीर के किस अंग में कैंसर हुआ है फिलहाल इसकी पुख्ता जानकारी तो नहीं मिली है मगर, सूत्रों के अनुसार, सुशील मोदी गले के कैंसर से पीड़ित हैं। उन्होंने गले में दर्द की शिकायत पर जांच कराई थी। जांच के बाद कैंसर का पता चला था। फिलहाल उनका इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा है।

बता दें कि सुशील कुमार मोदी बिहार के उपमुख्यमंत्री के अलावा राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। हालांकि इस साल उन्हें राज्यसभा नहीं भेजा गया। इसके अलावा भी वह पार्टी में कई पदों पर रह चुके हैं। सुशील मोदी 33 साल के सार्वजनिक जीवन में राज्यसभा, लोकसभा, विधान परिषद और विधान सभा सहित सभी चार सदनों के सदस्य रह चुके हैं। पांच साल तक उन्होंने विधान परिषद में भी नेता-प्रतिपक्ष का दायित्व निभाया। सुशील कुमार मोदी बिहार में उपमुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री भी रहे हैं। वित्त मंत्री रहते उन्हें राज्यों के वित्त मंत्रियों की प्राधिकृत समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। जेपी आंदोलन में सक्रियता और आपातकाल में 19 महीने की जेल काटने के बाद जब मुख्यधारा की राजनीति में आए तब लगातार 15 साल विधायक रहे। 9 साल विधान परिषद के सदस्य रहे। लोकसभा में भागलपुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। मोदी राज्य सभा सदस्य बनने पर सदन की विधि एवं न्याय समिति के अध्यक्ष भी रहे।