
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता गिरिजा व्यास के साथ एक हादसा हो गया। पूजा के दौरान दीपक से उनकी साड़ी में आग लग गई और वो झुलस गईं। घटना के बाद उनके परिजन उन्हें उदयपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अहमदाबाद रेफर कर दिया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री के साथ यह घटना उदयपुर स्थित उनके घर पर हुई जब वो गणगौर की पूजा कर रही थीं। वहीं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गिरिजा व्यास के साथ हुए हादसे पर दु:ख जताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास जी के आग से झुलसकर घायल होने का समाचार चिंताजनक है। मैं ईश्वर से उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) March 31, 2025
गिरिजा व्यास के भाई गोपाल शर्मा ने बताया कि गणगौर की पूजा के दौरान आरती के दीपक से उनकी साड़ी के पल्लू में आग लग गई। जैसे ही नौकर ने देखा तो तुरंत आग को बुझाया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उधर, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, गणगौर पूजा करते समय पूर्व केन्द्रीय मंत्री, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरिजा व्यास जी के आग से झुलसने की खबर मन को चिंतित करने वाली है। परमपिता परमेश्वर से गिरिजा व्यास जी के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
आपको बता दें कि गिरिजा व्यास का नाम कांग्रेस के बड़े नेताओं में लिया जाता है। केंद्रीय मंत्री के अलावा वो कई और महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं। वो कांग्रेस जिलाअध्यक्ष से लेकर विधायक और केंद्रीय मंत्री समेत कई बड़े पदों पर रह चुकी हैं। साल 1991 में वो पहली बार लोकसभा सदस्य बनीं थीं। साल 1993 उन्हें अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष चुना गया था। गिरिजा व्यास राष्ट्रीय महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर भी तैनात रह चुकी हैं। उन्होंने दो कार्यकाल तक इस पद को संभाला था। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर भी वो काबिज रह चुकी हैं।