newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Heatwave Alert: मौसम विभाग ने जारी किया तमाम राज्यों के लिए हीटवेव अलर्ट, जानिए पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा हाल

Heatwave Alert: सूरज की तपिश काफी दिनों से ही बढ़ी हुई है। ऐसे में तमाम राज्यों में हीटवेव का कहर दिख रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले कुछ दिन भी तमाम राज्यों में हीटवेव जारी रहने वाली है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश के आसार हैं।

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने एक बार फिर तमाम राज्यों में हीटवेव और भीषण गर्मी का अनुमान जाहिर किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय व हिमालय से सटे इलाकों, बिहार, ओडिशा, झारखंड, गुजरात के सौराष्ट्र व कच्छ, महाराष्ट्र के मध्य और मराठवाड़ा इलाकों, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों, कर्नाटक, तमिलनाडु में हीटवेव चलेगी। इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। कई जिलों में हीटवेव यहां भी चलने वाली है। हालांकि, कुछ दिनों में हल्की बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और एनसीआर में मई के पहले हफ्ते में गर्मी कुछ कम रहेगी। आसमान में बादल छा सकते हैं और तेज हवा के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा समेत कई राज्यों में उमस भी काफी होने की संभावना है। गुरुवार से इन जगहों पर पारे में कुछ गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कई जगह बर्फबारी और मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना है। यहां ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं।

मौसम की ताजा जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ के साथ छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। पंजाब के उत्तरी भाग में मध्यम बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं। हरियाणा के उत्तरी इलाकों और राजस्थान के उत्तर-पश्चिम भाग में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश में बर्फबारी और मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम और मणिपुर में तेज हवा के साथ गरज और चमक देखने को मिल सकती है। कुल मिलाकर एक तरफ देश के बड़े हिस्से में हीटवेव का कहर देखने को मिल रहा है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालय से लगे राज्यों में बर्फबारी और बारिश का दौर अब भी जारी है। इस साल जनवरी से लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं।