
नई दिल्ली। उत्तर भारत में रहते हैं तो आपको सावधानी बरतनी होगी। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के तमाम राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, यूपी, मध्यप्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल, राजस्थान और गुजरात के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और उसके पार पहुंचा है। इसकी वजह से आने वाले कई दिन तक इन राज्यों में हीटवेव का सामना लोगों को करना होगा।
यूपी के आगरा, मथुरा और झांसी में रविवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री के पार रहा। यहां आने वाले कुछ दिनों तक इससे कम तापमान होने के फिलहाल आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश के दतिया में भी पारा 47 डिग्री से ज्यादा रहा। वहीं, राजस्थान के गंगानगर में तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार के बक्सर में 44.9 डिग्री तापमान रहा और ये राज्य में सबसे ज्यादा था। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 दिन तक यूपी में जमकर हीटवेव का असर दिखेगा और लू चलेगी। यूपी के अलग-अलग इलाकों में तापमान 43 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।
उत्तर भारत में इतनी तेज गर्मी पड़ रही है कि पहाड़ी राज्य भी इससे अछूते नहीं हैं। हिमाचल प्रदेश के ऊना में रविवार को तापमान 44.4 डिग्री रहा। वहीं, सोलन में पारा 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तराखंड के नैनीताल में भी सामान्य से 2 डिग्री ऊपर तापमान रहा और ये 29 डिग्री को छू गया। मसूरी से नीचे रुड़की में तापमान 41 डिग्री हो गया है। राजस्थान के जयपुर, कोटा, बीकानेर और भरतपुर में खासतौर पर भीषण गर्मी है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री बढ़ने और तेज हवाएं चलने की बात मौसम विभाग ने कही है। बिहार की राजधानी पटना समेत 20 से ज्यादा जिलों में हीटवेव की आशंका जताई गई है। पश्चिम बंगाल के गंगातटीय क्षेत्रों, झारखंड, ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव की बात मौसम विभाग ने कही है। वहीं, दक्षिण भारत के तेलंगाना, आंध्र प्रदेश केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्षद्वीप वगैरा में मध्यम से भारी बारिश होने की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है।