newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Hemant Soren Took Oath As Jharkhand CM : हेमंत सोरेन ने ली झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ, पहले भी दो बार संभाल चुके हैं प्रदेश की कमान

Hemant Soren Took Oath As Jharkhand CM : शपथ लेने के बाद जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा, 2019 से वर्तमान महागठबंधन सरकार ने झारखंड के लोगों के हित के अनुसार सभी काम किए हैं। जिनको आगे भी जारी रखा जाएगा।

नई दिल्ली। हेमंत सोरेन आज एक बार फिर झारखंड के मुख्यमंत्री बन गए। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने राजभवन में हेमंत सोरेन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह तीसरी बार है जब झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। वो पहले भी दो बार राज्य की सत्ता संभाल चुके हैं।

शपथ लेने के बाद जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा, 2019 से वर्तमान महागठबंधन सरकार ने झारखंड के लोगों के हित के अनुसार सभी काम किए हैं। राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बीच चंपई सोरेन ने उन योजनाओं को आगे बढ़ाया, क्योंकि मैं जेल में था। अदालत के आदेश के कारण आज मैं बाहर आ सका हूं और पुन: अपने कार्यभार को संभालते हुए आगे की रणनीति तय की जाएगी।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि मैं हेमंत बाबू को नई सरकार के गठन के लिए बधाई देता हूं। महागठबंधन के सभी साथियों को इस नए सरकार के लिए शुभकामनाएं देता हूं। हेमंत सोरेन की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन का ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद हेमंत सोरेन ने जेल से बाहर आकर फिर से सीएम पद संभाल लिया है। वह पहले की ही तरह लोगों के लिए काम करना जारी रखेंगे।

आपको बता दें कि भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हेमंत को 31 जनवरी 2024 को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी से पहले ही हेमंत ने इस्तीफा दे दिया था। उस समय ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि हेमंत अपने पीछे पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बनाएंगे लेकिन परिवार में फूट के चलते ऐसा संभव नहीं हुआ। इसके बाद चंपई सोरेन को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना गया। तब से चंपई ही प्रदेश की कमान संभाल रहे थे। इधर दिल्ली हाईकोर्ट ने 28 जून को हेमंत सोरेन को जमानत दे दी। इसके बाद कल ही चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और हेमंत ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। जिसके बाद आज उनका शपथ ग्रहण हो गया।