newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Threat To Hindu Sena Chief: ‘श्रीकृष्ण जन्मभूमि का केस वापस लो वरना गोली मार देंगे’, हिंदू सेना अध्यक्ष को कारतूस के साथ भेजी धमकी वाली चिट्ठी

Threat To Hindu Sena Chief: हिंदू सेना अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने पुलिस को बताया है कि साल 2022 में उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि संबंधी केस इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल किया था। कोर्ट में सुनवाई के लिए वो 29 जनवरी को पेशी पर गए थे। विष्णु गुप्ता का कहना है कि बुधवार को घर लौटे। देखा कि घर के दरवाजे पर लिफाफा रखा है।

नई दिल्ली। मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद-श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मामले में पैरोकार और हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी गई है। जानकारी के मुताबिक हिंदू सेना अध्यक्ष को धमकी वाली चिट्ठी भेजी गई और इस चिट्ठी के साथ 3 कारतूस भी थे। चिट्ठी के जरिए धमकी दी गई कि अगर श्रीकृष्ण जन्मभूमि को हासिल करने के लिए किया गया केस वापस न लिया, तो विष्णु गुप्ता की हत्या कर दी जाएगी। हिंदू सेना के अध्यक्ष ने इसकी शिकायत दिल्ली के मधु विहार थाने में की है। मधु विहार थाने की पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

delhi police 1

हिंदू सेना अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने पुलिस को बताया है कि साल 2022 में उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि संबंधी केस इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल किया था। कोर्ट में सुनवाई के लिए वो 29 जनवरी को पेशी पर गए थे। विष्णु गुप्ता का कहना है कि वो बुधवार को दोपहर घर लौटे। उन्होंने देखा कि घर के दरवाजे पर पीले रंग का लिफाफा रखा है। लिफाफे को खोलने पर जान से मारने की धमकी वाली चिट्ठी और कारतूस मिले। चिट्ठी में लिखा है कि अगर श्रीकृष्ण जन्मभूमि का केस वापस नहीं लोगे, तो चौथी गोली तेरे सिर में पहुंचाने में देर नहीं लगेगी। इसके बाद ही उन्होंने पुलिस से संपर्क साधा और धमकी देने और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज कराया।

मथुरा में शाही ईदगाह मस्जिद और उसके पास श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर।

मथुरा में मौजूदा श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पास ही शाही ईदगाह मस्जिद है। हिंदू पक्ष का दावा है कि मुगल बादशाह औरंगजेब के वक्त वहां प्राचीन केशवदेव मंदिर को तोड़कर शाही ईदगाह मस्जिद बना दी गई थी। इस मस्जिद की जगह भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर के सबूत भी शाही ईदगाह मस्जिद में होने का दावा हिंदू पक्ष करता है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस विवाद की सभी फाइलें अपने यहां मंगा रखी हैं। अदालत ने यहां बीते दिनों सर्वे का आदेश भी दिया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने सर्वे पर रोक लगा दी है। अब शाही ईदगाह मस्जिद- श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले की सुनवाई अप्रैल में सुप्रीम कोर्ट में होनी है। इससे पहले ही हिंदू सेना अध्यक्ष को अज्ञात लोगों की तरफ से जान से मारने की ये धमकी मिली है।