newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Happy Holi: रंगों के त्योहार होली के लिए देशभर में जबरदस्त उत्साह, देखिए कहां कैसा है माहौल

Happy Holi: इस बार होली का त्योहार मार्च के आखिरी में आ पड़ा है। आम तौर पर होली का पर्व मार्च के पहले हफ्ते में होता है, लेकिन खरमास के कारण होली का त्योहार इस बार काफी देर में आया। फिर भी लोग इसे मनाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं। हर जगह उत्साह देखा जा रहा है।

नई दिल्ली। आज होलिका दहन होना है। देशभर में रंगों का त्योहार होली सोमवार को है। होली के लिए अभी से लोग तमाम तैयारियां कर रहे हैं। बाजार सजे हुए हैं। पिचकारी और रंगों का कारोबार खूब हो रहा है। मंदिरों में भी होली का त्योहार मनाने की शुरुआत अभी से हो गई है। उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में आज सुबह फूलों से होली खेली गई। इस दौरान भगवान महाकाल के तमाम भक्त मंदिर परिसर में मौजूद थे।

अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद पहली होली है। रंगों का त्योहार भगवान रामलला के साथ खेलने के लिए यहां भक्तों का तांता लगा हुआ है।

राजस्थान के पवित्र धार्मिक स्थल पुष्कर की होली भी काफी प्रसिद्ध है। यहां दूर-दराज से लोग होली का त्योहार मनाने आते हैं। इस बार भी होली से पहले पुष्कर में सैलानियों का जमघट है।

बाजारों में पिचकारी, रंग और गुलाल तो बिक ही रहे हैं, लेकिन लोकसभा चुनाव भी होने जा रहे हैं, तो होली पर भी सियासत का खुमार चढ़ा है। होली पर पीएम नरेंद्र मोदी के चेहरे वाले फेस मास्क की भी धूम कम नहीं है।

होली के लिए बाजार भी सजे हुए हैं। देखिए रंगों के त्योहार को धूमधाम से मनाने के लिए लोग किस तरह खरीदारी में जुटे हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बार होली का त्योहार सियाचिन ग्लेशियर पर तैनात सैनिकों के साथ मनाने वाले थे, लेकिन वहां मौसम खराब है। ऐसे में रक्षा मंत्री अब लेह में सैनिकों के साथ होली मनाएंगे। राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडेय वहां पहुंच गए हैं।

होली पर खूब रंग चलते हैं। अलीगढ़ के चार संवेदनशील इलाकों में मस्जिदों को रंग से बचाने के लिए उनको तिरपाल से ढका गया है।

इस बार होली का त्योहार मार्च के आखिरी में आ पड़ा है। आम तौर पर होली का पर्व मार्च के पहले हफ्ते में होता है, लेकिन खरमास के कारण होली का त्योहार इस बार काफी देर में आया। फिर भी लोग इसे मनाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं। होली के मौके पर कारोबारियों को भी हजारों करोड़ का व्यापार होने की खासी उम्मीद है। तो आप भी खूब मनाइए होली और रंगों से हो जाइए सराबोर। हैप्पी होली!