
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में हिंदी और मराठी को लेकर जारी भाषा विवाद के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट कहा है कि मराठी के नाम पर गुंडागर्दी सहन नहीं की जाएगी। फडणवीस का बयान उस घटना के बाद आया है जिसमें राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कुछ कार्यकर्ताओं ने हाल ही मराठी न बोलने की वजह से एक दुकानदार की पिटाई कर दी थी। फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में मराठी भाषा का अभिमान कोई गलत बात नहीं है लेकिन किसी और भाषा के आधार पर लोगों को मारना पीटना ठीक नहीं है। सीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी कोई भाषा विवाद पैदा करेगा उसके खिलाफ कानूनी एक्शन लिया जाएगा।
🚨 Maharashtra CM Devendra Fadnavis WARNS: “Hooliganism over language won’t be TOLERATED.”
“Beating people over Hindi is UNACCEPTABLE.”
“FIRs have been filed — STRICT ACTION will follow.” pic.twitter.com/eXDIHKo4od
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) July 4, 2025
सीएम ने कहा कि हमको हमारी मराठी का अभिमान है लेकिन भारत की किसी भाषा के साथ इस प्रकार से अन्याय नहीं किया जा सकता, यह बात भी हमको ध्यान में रखनी होगी। फडणवीस बोले, मुझे तो कभी कभी इस बात पर आश्चर्य होता है कि ये लोग अंग्रेजी को गले लगाते हैं और हिंदी के ऊपर विवाद करते हैं, यह कौन सा विचार है और यह किस प्रकार की कार्रवाई है? इसलिए जो भी लोग कानून को हाथ में लेंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फडणवीस ने मारपीट करने वाले मनसे कार्यकर्ताओं के बारे में कहा कि वो यह सोचते हैं कि सिर्फ वे ही मराठी हैं, लेकिन यह ऐसा नहीं है, हम भी मराठी हैं। मराठी लोग हमारा समर्थन करते हैं और हमारे साथ हैं।
आपको बता दें कि मुंबई के मीरा रोड पर स्थित जोधपुर स्वीट्स दुकान पर 28 जून को कुछ मनसे कार्यकर्ता पहुंचे। यहां दुकान के मालिक ने उनसे हिंदी में बात की तो मनसे कार्यकर्ताओं ने मराठी में बोलने के लिए कहा। जब उन्होंने मराठी बोलने से मना किया तो उनको मनसे कार्यकर्ताओं ने दुकान के मालिक को पीट दिया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।