
सूरत। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक बार फिर हिंदू राष्ट्र बनाने का नारा दिया है। इस बार उन्होंने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान को भी हिंदू राष्ट्र बनाने की बात कही है। सूरत में अपने दरबार में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भारत और पाकिस्तान को हिंदू राष्ट्र बनाने का ये बयान दिया। अपने दरबार में भारी भीड़ को देखकर उत्साहित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि गुजरात के पागलों, हम आपसे धन या सम्मान लेने नहीं आएंगे। जिस दिन गुजरात के पागल इसी तरह एकजुट हो जाएंगे, उस दिन हम भारत ही क्या पाकिस्तान को भी हिंदू राष्ट्र बनाएंगे।
#WATCH | “…The day people of Gujarat become united like this, not only India but we will also make Pakistan a Hindu nation..,” says Bageshwar Dham’s Dhirendra Shastri in Surat, Gujarat (27.05.2023)
(Video: Bageshwar Dham’s YouTube channel) pic.twitter.com/x9uw9D8anm
— ANI (@ANI) May 29, 2023
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहले अपने दरबार में सिर्फ पर्ची निकालकर लोगों के भूत और भविष्य की जानकारी देते थे। बाद में उन्होंने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का आह्वान करना भी शुरू कर दिया। इसकी वजह ये रही कि तमाम सियासी दलों के नेताओं ने धीरेंद्र कृष्ण को निशाना बनाया। पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई। इसके बाद ही धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पहले अपने दरबार में आने वाले लोगों से भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए एकजुट होने की बात कहनी शुरू की। अब वो पाकिस्तान को भी हिंदू राष्ट्र बनाने की बात कह रहे हैं।
बीते दिनों धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बिहार के पटना भी गए थे। वहां भी उनके दरबार के मसले पर विवाद खड़ा हुआ था। लालू यादव के बेटे और नीतीश सरकार में मंत्री तेजप्रताप यादव ने कहा था कि अगर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पटना में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ा, तो इसके खिलाफ वो अपने संगठन के लोगों के साथ खड़े होंगे। धीरेंद्र कृष्ण ने अपने दरबार में आने का न्योता बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को भी दिया था। दोनों ही नहीं गए थे। हालांकि, बीजेपी के तमाम नेता धीरेंद्र कृष्ण के पटना में हुए दरबार में दिखे थे।