![Illegal Indian Immigrants: अमेरिका ने हथकड़ी और बेड़ियों में जकड़कर क्यों भेजा?, अवैध भारतीय प्रवासी ने बताई वजह](https://hindi.newsroompost.com/wp-content/uploads/2025/02/illegal-indian-immigrants-jpg.webp)
नई दिल्ली। अमेरिका से हथकड़ी और बेड़ियों में जकड़कर अवैध भारतीय प्रवासियों को भेजने के कारण हंगामा बरपा हुआ है। विपक्ष इसे भारत और भारतीयों का अपमान बता रहा है। मोदी सरकार ने कहा है कि वो अमेरिका से बात कर रहा है कि अवैध भारतीय प्रवासियों से दुर्व्यवहार न किया जाए। अमेरिका ने आखिर अवैध भारतीय प्रवासियों को हथकड़ी और बेड़ियों में क्यों जकड़ा? इस बारे में अमेरिका से लौटे एक भारतीय गुरप्रीत सिंह ने खुलासा किया है। गुरप्रीत सिंह से हिंदी अखबार अमर उजाला ने बातचीत की। गुरप्रीत ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि विमान में भारतीय प्रवासियों के अलावा अमेरिका के सैनिक भी सवार थे।
अमेरिका से भेजे गए अवैध भारतीय प्रवासियों में शामिल गुरप्रीत सिंह ने अखबार से बातचीत में बताया कि विमान में हरियाणा के लोग भी थे। उनकी बोली को अमेरिका के सैनिक असभ्य बता रहे थे। गुरप्रीत सिंह ने कहा कि हरियाण के लोगों के अलावा अमेरिका के सैनिकों ने बाकी सभी से अच्छा व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि अमेरिका के सैनिकों की विमान में संख्या कम थी। ऐसे में उनको लग रहा था कि भेजे जा रहे भारतीय प्रवासी कहीं हमला न कर दें। इसी वजह से सभी को हथकड़ी और बेड़ियों में जकड़कर बिठाया गया था। गुरप्रीत ने अखबार को ये भी बताया कि किस तरह लाखों रुपए कर्ज लेकर वो डंकी रूट से अमेरिका में दाखिल हुए और पकड़े गए।
इस बीच, भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने शुक्रवार को मीडिया को जानकारी दी कि अमेरिका अब और 487 अवैध भारतीय प्रवासियों को वापस भेजने वाला है। साथ ही करीब 200 अवैध प्रवासियों के बारे में भारत को जानकारी भेजी है। इन सभी के बारे में भारत सरकार तस्दीक करा रही है। जिसके बाद अमेरिका से इन अवैध भारतीय प्रवासियों को वापस भेजा जाएगा। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि लौटाए जा रहे अवैध भारतीय प्रवासियों से दुर्व्यवहार का मसला अमेरिका के अधिकारियों के सामने उठाया गया है। विक्रम मिसरी ने कहा कि अमानवीय व्यवहार गंभीर है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विक्रम मिसरी ने कहा कि अवैध प्रवास कराने में मदद करने वाले इकोसिस्टम पर सख्त कार्रवाई की भी जरूरत है।