newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Heatwave Alert For Many States OF India: कई राज्यों के लिए भीषण लू का अलर्ट जारी, घर से निकलना हो तो जरूर बरतें ये एहतियात

Heatwave Alert For Many States OF India: उत्तर भारत में मॉनसून का कहीं अता-पता नहीं है और भीषण गर्मी पड़ रही है। एक बार फिर मौसम विभाग ने कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू के लिए अलर्ट जारी किया है। ऐसे में स्वास्थ्य को गंभीर खतरे से बचाने के लिए ये एहतियात जरूर बरतें।

नई दिल्ली। उत्तर भारत में मॉनसून का कहीं अता-पता नहीं है और भीषण गर्मी पड़ रही है। एक बार फिर मौसम विभाग ने कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी, झारखंड और उत्तराखंड में तमाम जगह लू और भीषण लू के हालात दिखने जा रहे हैं। इसके अलावा जम्मू, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश के पूर्वी इलाकों और छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में भी लू चलने वाली है। मौसम विभाग ने इन सभी राज्यों के लिए 19 जून तक लू का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में भी तमाम जगह भीषण गर्मी और लू का सामना लोगों को करना होगा। ऐसे में लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। लू से अलर्ट का साफ मतलब है कि दोपहर 12 बजे शाम 5 बजे तक जरूरी काम न होने पर घर से बिल्कुल न निकलें। अगर निकलना जरूरी हो तो, शरीर को कपड़ों से ढककर रखें। साथ ही ओआरएस वाला पानी जरूर पीते रहें। बच्चों और बुजुर्गों को लू से सबसे ज्यादा खतरा होता है। उनकी खास देखभाल करना बहुत जरूरी है। इस बार शिद्दत की गर्मी पड़ने का अनुमान पहले ही मौसम विभाग जता चुका था। उसका ये अनुमान सही साबित हो रहा है।

rain

ये तो रही लू की बात। अब आपको बताते हैं कि किन राज्यों में बारिश से लोगों को राहत भी मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के हिमालय से लगे उत्तरी इलाकों और सिक्किम में बारिश होने की संभावना है। यहां बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा सोमवार तक असम, पूर्वोत्तर के राज्यों, ओडिशा के दक्षिणी हिस्सों, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और मध्य इलाकों व कर्नाटक के तटीय हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़, लक्षद्वीप, मध्यप्रदेश के दक्षिण और पश्चिमी हिस्सों, गुजरात के दक्षिणी हिस्सों, राजस्थान में पूर्वी और दक्षिण के इलाकों में भी बारिश हो सकती है। इसके साथ छत्तीसगढ़ व अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में भी कुछ बारिश के आसार हैं।