
नई दिल्ली। उत्तर, पूर्वी और पश्चिमी भारत पर मॉनसून एक बार फिर मेहरबान हो गया है। नतीजे में दिल्ली और एनसीआर में लोगों को झमाझम बारिश के कारण उमस से राहत मिली है। वहीं, मौसम विभाग ने 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र के मध्य वाले इलाकों, गोवा, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में जमकर बारिश होने वाली है। मौसम विभाग ने बताया है कि यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में शुक्रवार तक भारी बारिश हो सकती है।
#WATCH दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में तेज बारिश हुई।
वीडियो तुगलक रोड से है। pic.twitter.com/TKYkTMwesx
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 24, 2024
#WATCH उत्तर प्रदेश: नोएडा के कई इलाकों में तेज बारिश हुई।
(वीडियो नोएडा के सेक्टर 10 से है। pic.twitter.com/IRdyvH1hMa
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 24, 2024
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है और इसके कारण कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी का ये निम्न दबाव वाला क्षेत्र मध्यप्रदेश से गुजरात की ओर जा रहा है। इसके कारण खासकर महाराष्ट्र और गुजरात के तमाम इलाकों में जबरदस्त बारिश का संयोग दिख रहा है। गुजरात के ज्यादातर इलाकों में अगले 4 दिन तक भारी बारिश होने की बात मौसम विभाग ने कही है। गुजरात के वलसाड जिले में बारिश के कारण सभी नदियों में उफान आया है और इससे 47 सड़कों पर आवागमन बंद हो गया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 25 सड़कों पर आवाजाही बंद होने की खबर है।
#WATCH सूरत (गुजरात): बारिश के कारण सूरत में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। (23.07) pic.twitter.com/WZ0anreU4c
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 24, 2024
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन ओडिशा और आसपास के राज्यों में भी काफी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। दक्षिण के राज्यों में भी बारिश का दौर देखने को मिलने वाला है। मौसम विभाग ने इस बार जुलाई से सितंबर के अंत तक औसत से ज्यादा मॉनसून की बारिश होने की भविष्यवाणी की थी। हालांकि, जून में औसत से 19 फीसदी कम बारिश हुई। जुलाई में भी 6 राज्यों में बारिश काफी कम होने की जानकारी पिछले दिनों आई थी। उम्मीद है कि मॉनसून के एक बार फिर रफ्तार पकड़ने से आने वाले दिनों में देशभर में अच्छी बारिश होगी।