नई दिल्ली। मौसम विभाग ने देश के तमाम राज्यों के लिए हीटवेव और लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिन तक इन राज्यों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। दिन चढ़ते ही लू चलेगी। मौसम विभाग ने लोगों को जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने के लिए कहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिन तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी, पश्चिमी राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा से लगे इलाकों और ओडिशा में भीषण गर्मी और हीटवेव की आशंका है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी काफी गर्मी पड़ने की बात मौसम विभाग ने कही है।
मौसम विभाग ने मॉनसून के बारे में भी ताजा अपडेट दिया है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मॉनसून केरल में तो पहले पहुंचा ही था। अब मॉनसून समय से 2 दिन पहले मुंबई तक आ गया है। इसकी वजह से मुंबई और महाराष्ट्र के कई इलाकों में जोरदार बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि गोवा, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इन सभी राज्यों में पिछले काफी दिनों से बारिश हो रही है। मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के भी कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है।
मॉनसून जहां केरल से होता हुआ महाराष्ट्र पहुंचा है। वहीं, बंगाल की खाड़ी के रास्ते आने वाला दक्षिण-पूर्वी मॉनसून पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में सक्रिय है। इसकी वजह से असम समेत पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है। ऐसा ही मौसम वहां जारी रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पहले ही बताया था कि इस बार ला नीना का असर है और इस कारण अन्य वर्षों के मुकाबले 2024 में मॉनसून के दौरान औसत से ज्यादा बारिश होगी।