newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bihar Crime: बिहार में एक और वारदात, मुजफ्फरपुर में महिला को डायन बताकर पीटा; मैला भी पिलाने की कोशिश!

मुजफ्फरपुर में टोना-टोटका करने और डायन होने का आरोप लगाकर पहले भी महिलाओं के खिलाफ अपराध के 28 केस दर्ज हुए थे। जिले के सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में तत्काल सख्ती बरतने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश पहले से दिए गए हैं। पुलिस कह रही है कि इस मामले में भी सख्त कार्रवाई हो रही है।

मुजफ्फरपुर। बिहार में करीब-करीब हर रोज ही कोई न कोई अपराध होने की खबर आती है। ताजा मामला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का है। मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना इलाके के एक गांव में महिला पर डायन होने का आरोप लगाया गया। 45 साल की पीड़ित महिला पर छठ पूजा कर लौटते ही हमला किया गया। महिला को पटककर पीटा गया और उसे मैला पिलाने की भी कोशिश हुई। पीड़ित के पति ने पुलिस में इस घटना की शिकायत की है। महिला के पति के मुताबिक गांव में ही उसके पड़ोस में लालू सहनी और राजकुमार सहनी रहते हैं। दोनों के साथ उनके परिवार के लोगों के नाम उसने नामजद एफआईआर कराई है। महिला ने पुलिस को बताया कि जब भी राजकुमार सहनी और लालू सहनी के परिवार में किसी को कुछ होता है, तो वे नजर लगाने और टोना-टोटका करने का आरोप लगाते हैं। महिला से पहले भी गाली-गलौज दोनों आरोपी करते रहे हैं। यहां तक कि नंगा नचवाने के लिए ओझा बुलाने की धमकी भी लालू और राजकुमार ने दी थी।

woman beaten

 

महिला ने पुलिस को बताया कि छठ के आखिरी दिन घाट पर अर्घ्य देकर लौटी थी कि लालू सहनी, उसकी पत्नी प्रमिला, राजकुमार सहनी, उसकी पत्नी जानकी, बेटा संतोष सहनी और मोहन कुमार घर पर आए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इन लोगों ने महिला को घसीटकर घर के दरवाजे पर पटककर पीटा और मैला पिलाने की कोशिश करने लगे। पीड़ित के पति ने पुलिस को बताया है कि जब उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे भी खूब पीटा। पुलिस इस मामले में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की बात कर रही है। मुजफ्फरपुर के एसएसपी राकेश कुमार ने 7 दिन में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुजफ्फरपुर में टोना-टोटका करने और डायन होने का आरोप लगाकर पहले भी महिलाओं के खिलाफ अपराध के 28 केस दर्ज हुए थे। जिले के सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में तत्काल सख्ती बरतने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश पहले से दिए गए हैं।

bihar police

बिहार में पिछले करीब 1 साल से लगातार अपराध की घटनाएं हो रही हैं। हत्या और लूटपाट आम बात है। बीते दिनों ही एक सनकी आशिक ने युवती और उसके परिवार पर फायरिंग कर दी थी। छठ के अंतिम दिन ये वारदात हुई थी। इसमें युवती समेत 3 लोगों की जान गई थी। जबकि, 3 अन्य घायल हुए। बिहार में घर लौटते वक्त सरेआम बैंककर्मी की भी गोली मारकर हत्या हुई थी। राजधानी पटना में भी वारदात होते रहते हैं। पटना में स्टेशन जा रहे सेना के जवान की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या की थी। बिहार में एक दंपति को घर की छत पर ही दबंगों ने जमकर पीटा था और गोली मारी थी। अन्य तमाम घटनाएं भी बिहार को आए दिन सुर्खियों में लाती रहती हैं।