newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Maihar Rape Case: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपियों के घरों पर गरजा ‘मामा’ का बुलडोजर, परिजन जोड़ते रहे हाथ, लेकिन…!

Maihar Rape Case: सीएम शिवराज के फरमान की पालना करते हुए दोनों आरोपियों के घरों को जमींदोज कर दिया। बता दें कि इससे पहले दुष्कर्म मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया।

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर में 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जिसके बाद से पूरे प्रदेश में आरोपियों के खिलाफ गुस्सा देखने को मिल रहा है। रीवा अस्पताल में बच्ची का इलाज चल रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूरे मामले पर ट्वीट कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है। उधर, इस ट्वीट के बाद सीएम शिवराज का बुलडोजर एक्शन में आ चुका है। बता दें कि आज सुबह प्रशासन दल-बल के साथ पहुंचा और दोनों आरोपियों के घर को ध्वस्त कर दिया गया। इस बीच आरोपियों के परिजन प्रशासन से ऐसा नहीं करने की गुहार लगाते रहे, लेकिन प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी।

सीएम शिवराज के फरमान की पालना करते हुए दोनों आरोपियों के घरों को जमींदोज कर दिया गया। बता दें कि इससे पहले दुष्कर्म मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया। इसके बाद दोनों का मेडिकल करने के बाद इन्हें जेल भेज दिया गया। ध्यान दें कि दुष्कर्म की वारदात के 24 घंटे के बाद ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वहीं, दुष्कर्म मामले पर सीएम शिवराज ने ट्वीट कर कहा कि मैहर में बेटी के साथ दुष्कर्म की जानकारी मिली है, मन पीड़ा से भरा हुआ है, व्यथित हूं। मैंने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि कोई भी अपराधी बचना नहीं चाहिए पुलिस ने अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है । प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि बेटी के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए। कोई भी अपराधी बचेगा नहीं, कठोरतम् कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, बच्ची की हालत की बात करें, तो उसे रीवा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है, लेकिन आपको बता दें कि बच्ची के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ फांसी की सजा की मांग की है।

उधर, प्रशासन की ओर से भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है। अब ऐसे में आगामी दिनों में आरोपियों के खिलाफ क्या कुछ कार्रवाई की जाती है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।