
रांची। झारखंड में गुटखा और पान मसाले पर बैन लगाया गया है। झारखंड में अब गुटखा और पान मसाला बेचने, इनका भंडारण करने और खाते दिखने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने गुटखा और पान मसाले पर बैन का एलान किया। इरफान अंसारी ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन स्वस्थ झारखंड देखना चाहते हैं। उनके इस सपने को साकार करने व झारखंड के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ये क्रांतिकारी कदम उठाया गया है। झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि वो नशे के कारण युवाओं को मरते नहीं देख सकते।
#Ranchi: गुटखा बैन को लेकर नोटिफिकेशन जारी, सभी तरह के पान मसाला पर वैन.#Jharkhand #JharkhandNews #JharkhandUpdate pic.twitter.com/rPKWCDNU3A
— News18 Jharkhand (@News18Jharkhand) February 18, 2025
झारखंड में गुटखा और पान मसाले पर बैन के बारे में इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि गुटखा और पान मसाला खाने से कैंसर जैसी घातक बीमारी के मरीजों में इजाफा हो रहा है। डॉक्टर होने की वजह से वो जानते हैं कि गुटखा और पान मसाले के जहर से शरीर बर्बाद होता है। इरफान अंसारी ने कहा कि जब जनता ने उनको स्वास्थ्य मंत्री बनाया है, तो पहला कर्तव्य लोगों के जीवन को बचाना है। झारखंड के मंत्री ने कहा कि राज्य की माताएं और बहनें लगातार उनसे गुहार लगा रही थीं कि गुटखा और पान मसाले की बिक्री पर रोक लगाई जाए।
झारखंड में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव और राज्य खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने गुटखा और पान मसाले पर बैन की अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना में कहा गया है कि गुटखा और पान मसाले पर प्रतिबंध खाद्स सुरक्षा संबंधी 2006 के कानून की धारा 30 (2)(ए) और फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (प्रोहिबिशन एंड रिस्ट्रिक्शन ऑन सेल्स) रेगुलेशन 2011 की धाराओं 2, 3 और 4 के तहत लगाया गया है। झारखंड सरकार की अधिसूचना में कहा गया है कि किसी भी दुकान में गुटखा और तंबाकू या निकोटिन युक्त पान मसाला बिकता हुआ पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।