newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Khalistani Slogans In Delhi: दिल्ली में फिर लिखे मिले खालिस्तानी समर्थक नारे, पुलिस आरोपियों को पकड़ने की कर रही कोशिश

दिल्ली पुलिस के मुताबिक फ्लाईओवर के नीचे ‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान’ जैसे नारे लिखे गए थे। एक राहगीर की नजर इन नारों पर पड़ी। उसने फोन कर पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर दिल्ली पुलिस के सिपाही पहुंचे। फिर केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ की तैयारी के लिए टीम बनाई गई।

नई दिल्ली। खालिस्तानी समर्थकों ने एक बार फिर देश की राजधानी दिल्ली में अपनी पैठ दिखाने की कोशिश की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक राजधानी के कश्मीरी गेट के पास युधिष्ठिर सेतु फ्लाईओवर के नीचे खालिस्तान समर्थक नारे लिखे मिले। नारे लिखे होने की जानकारी पुलिस को स्थानीय लोगों ने बुधवार को दी थी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और खालिस्तानी समर्थकों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने खालिस्तानी नारे लिखे होने की जानकारी मिलते ही तत्काल एक्शन लेते हुए पहले नारों को मिटाया और फिर आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश शुरू की।

delhi police 1

दिल्ली पुलिस के मुताबिक फ्लाईओवर के नीचे ‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान’ जैसे नारे लिखे गए थे। एक राहगीर की नजर इन नारों पर पड़ी। उसने फोन कर पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर दिल्ली पुलिस के सिपाही पहुंचे। फिर केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ की तैयारी के लिए टीम बनाई गई। खालिस्तानी समर्थकों ने फ्लाईओवर के दोनों तरफ नारे लिखे थे। माना जा रहा है कि मंगलवार देर रात दिल्ली में खालिस्तानी नारे लिखे जाने की ये घटना हुई। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी दिल्ली में खालिस्तानी नारे लिखे जाने की बात कही थी।

khalistan slogans 1

दिल्ली में खालिस्तानी नारे लिखे जाने की ये एक महीने में दूसरी घटना है। इससे पहले 27 अगस्त को दिल्ली के 5 मेट्रो स्टेशनों के बाहर खालिस्तानी समर्थकों ने नारे लिखे थे। उस मामले में 2 लोगों को पंजाब से दिल्ली पुलिस ने पकड़ा था। जी-20 सम्मेलन से पहले खालिस्तानी नारे लिखे जाने की वो घटना हुई थी। तब भी खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर कहा था कि दिल्ली में नारे लिखवाए हैं। अमेरिका और कनाडा में रहने वाला गुरपतवंत सिंह पन्नू आतंकी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस का प्रमुख है और आए दिन भारत को धमकी देता रहता है।