
नई दिल्ली। कोरोना महामारी की वजह से दो साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया नहीं जा सका। इस दौरान 21 जून को दुनिया में लोगों ने अपने घरों में योग किया। योग दिवस का सबसे पहले प्रस्ताव पीएम नरेंद्र मोदी ने साल 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के भाषण में दिया था। संयुक्त राष्ट्र ने उसी साल ये फैसला किया कि हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाया जाएगा। तो अब चलिए, आपको बताते हैं कि योग दिवस के मौके पर साल 2015 से अब तक क्या थीम रही है और पीएम नरेंद्र मोदी ने हर योग दिवस को किस शहर में मनाया है। सबसे पहले जान लीजिए कि इस बार योग दिवस का थीम ‘मानवता के लिए योग’ है और पीएम मोदी योग दिवस के मौके पर कर्नाटक के मैसुरु शहर में हैं। अब अन्य वर्षों के बारे में भी आपको बताते हैं।
2015: इस साल सबसे पहला योग दिवस मनाया गया था। पहले साल के योग दिवस का थीम ‘सद्भाव और शांति के लिए योग’ रखा गया था। पहले योग दिवस पर पीएम मोदी राजपथ पर हजारों लोगों के साथ योग करते नजर आए थे।
2016: इस साल योग दिवस का थीम ‘युवाओं को कनेक्ट करें’ था। पीएम मोदी इस साल योग दिवस के मौके पर हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में थे। उनके साथ तब 30000 लोगों ने योग किया था।
2017: इस साल योग दिवस का थीम ‘स्वास्थ्य के लिए योग’ रखा गया था। पीएम नरेंद्र मोदी ने यूपी की राजधानी लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर तत्कालीन गवर्नर और सीएम योगी के साथ योगाभ्यास किया था। उनके साथ हजारों और लोग भी थे।
2018: ‘शांति के लिए योग’ थीम के साथ इस साल उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान में योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम हुआ था। इसमें पीएम मोदी ने शामिल होने के साथ ही लोगों को योग के फायदे भी गिनाए थे।
2019: इस साल योग दिवस का थीम ‘योग फॉर हार्ट’ रखा गया था। योग के जरिए दिल को कैसे मजबूत किया जाए, इस पर सारा जोर था। पीएम मोदी इस साल झारखंड की राजधानी रांची में हुए योग दिवस समारोह में शामिल हुए थे।
Greetings on #YogaDay! Sharing my remarks on this special occasion. https://t.co/8eIrBklnLI
— Narendra Modi (@narendramodi) June 21, 2020
2020: कोरोना महामारी की वजह से इस साल योग दिवस के कार्यक्रम सार्वजनिक तौर पर नहीं हो सके थे। ऐसे में थीम को ‘घर पर योग, परिवार के साथ योग’ रखा गया था। इस मौके पर पीएम मोदी ने देश के नाम संदेश देते हुए कहा था कि जो हमें जोड़े और दूरियों को खत्म करे, वही योग है।
2021: कोरोना की वजह से इस साल भी सार्वजनिक तौर पर योग दिवस नहीं मनाया जा सका। हालांकि, पीएम मोदी ने फिर इस मौके पर देश के नाम संदेश दिया। उन्होंने इस साल थीम को ‘योग फॉर वेलनेस’ रखवाया था।