newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Noida Police Commissioner: पति बीजेपी विधायक, बेस्ट प्रोबेशनर रहीं, ऐसी हैं नोएडा की नई पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह

Noida Police Commissioner: वहीं 2022 चुनाव से पहले राजेश्वर सिंह की पत्नी लक्ष्मी सिंह को लखनऊ रेंज का आईजी बना दिया गया था। इससे नाराज सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर उन्हें हटाने की मांग की थी। नरेश उत्तम पटेल ने कहा था कि लक्ष्मी सिंह को लखनऊ रेंज का आईजी के पद से हटाया जाए।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सोमवार देर रात 16 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए। इन अधिकारियों में नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह भी शामिल हैं। आलोक सिंह की जगह लखनऊ रेंज की आईजी आईपीएस लक्ष्मी सिंह को नोएडा का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। आईपीएस लक्ष्मी सिंह लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा सीट से विधायक राजेश्वर सिंह की पत्नी हैं। राजेश्वर सिंह भी आईपीएस थे। ईडी के ज्वाइंट डायरेक्टर पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति यानी वीआरएस लेकर राजेश्वर सिंह बीजेपी में शामिल हो गए थे। बता दें कि राजेश्वर सिंह चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने योगी सरकार में मंत्री रहीं स्वाति सिंह का टिकट काटकर राजेश्वर सिंह को चुनावी मैदान में उतारा था। राजेश्वर सिंह भी पार्टी के भरोसे पर खरे उतरे और सरोजनीनगर सीट पर बीजेपी के नाम जीत का पताका फहराया।

आपको हता दें कि विगत विधानसभा चुनाव से पूर्व राजेश्वर सिंह की पत्नी लक्ष्मी सिंह को लखनऊ रेंज के आईजी पद की जिम्मेदारी दी गई थी। जिससे खफा होने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्य़क्ष नरेश उत्तम पटेल ने चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया  था। उन्होंने आयोग को पत्र लिखकर उन्हें हटाने की मांग की थी। नरेश उत्तम पटेल ने आगे कहा था कि लक्ष्मी सिंह को लखनऊ रेंज के आईजी के पद से मुक्त किया गया। वहीं,  उनके पति सरोजनीनगर सीट से उम्मीदवार हैं। ऐसे में यह स्थिति वोटरों को प्रभावित कर सकती हैं। लेकिन बाद में चुनाव आयोग ने सपा की इस शिकायत को ज्यादा संजीदगी से लेना जरूरी नहीं समझा था।  तब से लेकर अब तक लक्ष्मी सिंह लखनऊ रेंज के आईजी पद पर ही पदस्थ रही थीं।

 

लक्ष्मी सिंह 2000 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। लक्ष्मी सिंह को सरदार वल्लभ भाई पटेल नेशनल पुलिस अकेडमी हैदराबाद में ट्रेनिंग के दौरान बेस्ट प्रोबेशनर घोषित किया गया था।वहीं,  पीएम की तरफ से उन्हें सिल्वर बेटन दिया गया है। इसके अलावा गृह मंत्रालय की तरफ से उन्हें  नौ एमएम की एक पिस्टल पुरस्कार भी प्रदान की गई थी।  इसके साथ ही लक्ष्मी सिंह को ‘मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।