
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां खालापुर तहसील में भूस्खलन की घटना सामने आई है। इस हादसे में चार लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की खबर है। साथ ही 100 से ज्यादा लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
भूस्खलन की इस घटना के सामने आने के बाद एनडीआरएफ की 2 टीमें मौके पर पहुंची है। मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल होने के लिए 2 और टीमें मुंबई से रवाना हो गई हैं। इस घटना की जानकारी पाकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी गांव पहुंचे। सीएम ने मौके पर जारी बचाव अभियान का जायजा लिया।
#WATCH महाराष्ट्र: रायगढ़ के खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन हुआ। NDRF द्वारा बचाव अभियान जारी है।
हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और अन्य 3 घायल हुए। बचाव अभियान जारी है: रायगढ़ पुलिस pic.twitter.com/pgD5wKEmsQ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 20, 2023
बुधवार रात 10.30 बजे घटी घटना
बताया जा रहा है कि घटना बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे के करीब हुई। इस घटना को लेकर जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक, इरशालवाड़ी गांव के करीब 50 से 60 घर ढह गए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय और एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।
बारिश का देखने को मिल रहा है कहर
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कोंकण में इन दिनों बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। भारी बारिश के कारण ही रायगढ़ के खालापुर तालुक के इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन की ये घटना देखने को मिली है।
मौके पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री उदय सामंत और दादा भुसे
भूस्खलन के बाद बनी स्थिति का जायजा लेने मौके पर कैबिनेट मंत्री उदय सामंत और दादा भुसे भी पहुंचे। यहां पहुंचे मंत्री उदय सामंत ने कहा कि 25 लोगों को बचाया जा चुका है। लोगों को बचाने का काम किया जा रहा है। बारिश के कारण सड़क भी खराब हो चुकी है ऐसे में बचाव अभियान में थोड़ी मुश्किलें सामने आ रही हैं।