newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather Report: एक तरफ बर्फबारी, बारिश और ओलावृष्टि तो दूसरी ओर हीटवेव, जानिए आपके राज्य के लिए मौसम विभाग का ताजा अनुमान

Weather Report: मौसम विभाग ने ताजा अनुमान जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली में बारिश और आंधी की स्थिति बन गई है। दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश हुई भी है। इसके अलावा देश के अलग-अलग राज्यों के लिए मौसम विभाग ने जानकारी साझा की है।

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने ताजा अनुमान जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली में बारिश और आंधी की स्थिति बन गई है। दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश हुई भी है। वहीं, उत्तर के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। जबकि, देश के तमाम हिस्सों में अगले कई दिन तक हीटवेव का कहर लोगों को झेलना पड़ सकता है।

rain

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के चंबा और लाहौल-स्पीति में काफी बर्फबारी हुई है। वहीं, राजधानी शिमला समेत कई जिलों में जमकर बारिश भी हुई। कांगड़ा, कुल्लू में ओलावृष्टि भी देखने को मिली है। इससे गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। वहीं, जम्मू में बारिश हुई। जबकि, जम्मू-कश्मीर के अन्य हिस्सों में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि और बारिश देखने को मिली। इससे राज्य के तमाम हिस्सों में गर्मी काफी कम हुई है। उत्तराखंड में भी कई जगह ओलावृष्टि की खबर है। इसकी वजह वो पश्चिमी विक्षोभ है, जो पाकिस्तान पर बने चक्रवातीय परिसंचरण के कारण आया है। मौसम विभाग के अनुसार सिक्किम, पश्चिम बंगाल के हिमालय से लगे इलाकों, असम समेत पूर्वोत्तर के राज्यों, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक के भीतरी हिस्सों और महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत कई जगह बारिश हुई है। यहां आगे भी ऐसा ही मौसम बना रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने अगले कई दिन पंजाब, हरियाणा, बिहार, मध्यप्रदेश के पूर्वोत्तर इलाकों, ओडिशा और झारखंड में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा यूपी में भी तेज गर्मी रहने वाली है। इन सभी राज्यों में दिन के साथ ही रात में भी पारा ऊपर ही बना रहेगा। इसके अलावा नमी के कारण लोगों को उमस भी झेलनी पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार केरल और पूर्वोत्तर में आए मॉनसून के जल्दी ही आगे बढ़कर पूरे देश में छा जाने की उम्मीद है। ऐसे में चिलचिलाती गर्मी से परेशान उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों के लोगों को जल्दी ही राहत मिलने की संभावना है।