
नई दिल्ली। ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इस वजह से मौसम विभाग ने कई राज्यों का मौसम बदलने की भविष्यवाणी की है। दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है। इससे तापमान गिरेगा और सर्दी भी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में काफी बर्फबारी पहले ही हो चुकी है। पहाड़ी राज्यों में शुक्रवार से मौसम सुधर सकता है। दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ता देखा गया, लेकिन यहां भी हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इससे ठंड बहुत ज्यादा नहीं बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार यूपी के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। बिजली चमकने के साथ यूपी के इन इलाकों में तेज हवाएं भी चलने का मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा और पंजाब में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। यहां बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। राजस्थान में भी जयपुर, कोटा और जोधपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश होने के आसार मौसम विभाग ने जताए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि बिहार के नेपाल से लगे इलाकों में बारिश हो सकती है। बिजली गिरने का भी अलर्ट दिया गया है।
उत्तर भारत के राज्यों में जहां पश्चिमी विक्षोभ से मौसम बदलने का अनुमान है। वहीं, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इस वजह से सिक्किम, पश्चिम बंगाल के कई इलाकों, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश की संभावना है। इन राज्यों में भी तेज हवाएं चलने की बात मौसम विभाग ने कही है। इस बार फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में ही तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ की संख्या कम होना है। जबकि, मौसम विभाग ने पहले भविष्यवाणी की थी कि इस साल बहुत ज्यादा ठंड होगी। मौसम विभाग दिसंबर और जनवरी को ही आधिकारिक तौर पर ठंड का महीना मानता है। इस बार इन दोनों महीनों में कम ही दिन कड़ाके की ठंड पड़ी है।