newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather: बर्फबारी, ओले, बारिश और तेज हवाएं; जानिए मौसम विभाग ने आपके इलाके के लिए क्या की है ताजा भविष्यवाणी

Weather: मौसम विभाग ने तमाम राज्यों में 3 मार्च तक पश्चिमी विक्षोभ का असर बने रहने का अनुमान लगाया है। ऐसे में उम्मीद यही है कि मार्च के दूसरे हफ्ते में मौसम सुहाना हो सकता है। उसके बाद लगातार तापमान बढ़ता जाएगा। फिलहाल दक्षिणी भारत और उत्तरी इलाकों में अलग-अलग मौसम देखने को मिल रहा है।

नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में फिर बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग का ताजा अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और हल्की बारिश होगी। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने के आसार हैं। इन इलाकों में तेज रफ्तार हवा भी चल सकती है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश होने की संभावना है। यूपी और मध्यप्रदेश में भी गरज के साथ बारिश की संभावना है। दोनों राज्यों में कई जगह ओले भी गिर सकते हैं।

इसके अलावा दक्षिणी मध्यप्रदेश, दक्षिणी छत्तीसगढ़, ओडिशा में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऐसा ही मौसम महाराष्ट्र के विदर्भ, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी देखे जाने का मौसम विभाग का अनुमान है। इन राज्यों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलने की बात कही गई है। पूर्वोत्तर में असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिण में केरल, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीसमूह में भी हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिण के राज्यों में तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। इसकी वजह से केरल के 9 जिलों में यलो अलर्ट भी मौसम विभाग ने जारी किया है।

cold wave 1

कुल मिलाकर देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम विपरीत रहने का अनुमान है। पहाड़ों में जहां बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के कारण ठंड का असर बना रहने वाला है। वहीं, दक्षिण भारत में तापमान बढ़ने से लोगों को दिक्कत हो सकती है। इस बार ठंड के मौसम में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ आते रहे। इसकी वजह से पहाड़ी इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है। तेज हवा के कारण मैदानी इलाकों में भी अब तक गलन महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने तमाम राज्यों में 3 मार्च तक पश्चिमी विक्षोभ का असर बने रहने का अनुमान लगाया है। ऐसे में उम्मीद यही है कि मार्च के दूसरे हफ्ते में मौसम सुहाना हो सकता है। उसके बाद लगातार तापमान बढ़ता जाएगा।