newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Heatwave And Rain Forecast: हीटवेव के बारे में मौसम विभाग ने दी है ये ताजा जानकारी, हालांकि, बारिश के कारण कई राज्यों में बदलेगा मौसम का मिजाज

Heatwave And Rain Forecast: इस बार मौसम विभाग ने पहले ही कहा था कि अन्य वर्षों के मुकाबले ज्यादा गर्मी पड़ने वाली है। अप्रैल से ही बढ़ी गर्मी ने रौद्र रूप दिखाया है और हीटवेव के कारण लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, अब बारिश होने से ज्यादातर राज्यों में मौसम सुहाना बनने की संभावना है।

नई दिल्ली। देशभर में तमाम राज्यों में अभी हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आज के बाद कुछ राज्यों में हीटवेव की स्थिति खत्म होने की उम्मीद है। वहीं, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्यप्रदेश, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में बुधवार तक हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। मैदानी इलाकों के कई और राज्यों में भी गर्मी लगातार बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में हीटवेव के साथ उमस का भी सामना लोगों को करना पड़ेगा। अच्छी खबर ये है कि कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है और इससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर भारत में मंगलवार तक तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। असम और मेघालय में बहुत ज्यादा बारिश होने की बात मौसम विभाग ने कही है। मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वोत्तर में कई राज्यों में बहुत ज्यादा बारिश होने के आसार देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी करना पड़ा है। ओडिशा में भी कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के भी कुछ इलाकों में समुद्री हवाएं दाखिल हुई हैं। वहीं, राज्य के हिमालय से लगे इलाकों के ऊपर चक्रवातीय परिस्थिति बनी है। इसकी वजह से यहां भी बारिश होने का अनुमान पहले ही मौसम विभाग लगा चुका है। भारत के दक्षिणी प्रायद्वीपीय हिस्से में भी गुरुवार तक तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। झारखंड और मध्यप्रदेश में ओलावृष्टि हो सकती है।

rain

इस बार मौसम विभाग ने पहले ही कहा था कि अन्य वर्षों के मुकाबले ज्यादा गर्मी पड़ने वाली है। अप्रैल से ही बढ़ी गर्मी ने रौद्र रूप दिखाया है और हीटवेव के कारण लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, अब बारिश होने से ज्यादातर राज्यों में मौसम सुहाना बनने की संभावना है। एक महीने बाद ही मॉनसून का सीजन शुरू होगा। मौसम विभाग ने कहा है कि इस बार मॉनसून में औसत से ज्यादा बारिश होगी।