
कानपुर। शनिवार की रात यूपी के कानपुर में दो बड़े हादसे हुए। पहली घटना कानपुर आउटर के साढ़ इलाके में हुई। यहां उन्नाव में चंद्रिका देवी मंदिर से लौट रहे लोगों की ट्रैक्टर ट्रॉली पानी भरे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई। कई दर्जन घायल हुए। वहीं, कानपुर के अहिरवां फ्लाईओवर पर रात करीब 2 बजे एक लोडर और ट्रक के बीच सीधी टक्कर से 5 लोगों की मौत होने की खबर है। इस हादसे में 7 अन्य लोग घायल हुए हैं।
साढ़ इलाके में हुई घटना के बारे में ट्रॉली पर सवार एक बच्ची ने बताया कि मंदिर में मुंडन कराकर वापस आते वक्त ट्रॉली सवार लोगों और ट्रैक्टर ड्राइवर ने ठेके पर शराब पी थी। बच्ची ने बताया कि महिलाओं ने सभी लोगों से कहा था कि शराब मत पीओ। उसने बताया कि ट्रैक्टर को तेज रफ्तार से चलाया जा रहा था। पानी भरे गड्ढे के किनारे ट्रॉली का पहिया आ गया और वो पलट गई। बच्ची ने बताया कि लोगों को कूदने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव का काम शुरू किया। थोड़ी देर में पुलिस भी मौके पर आ गई। इस हादसे में मृत लोगों के परिजनों को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और पीएम नरेंद्र मोदी ने 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने का एलान किया है। सीएम योगी ने अपील की है कि कहीं आने-जाने के लिए लोग ट्रैक्टर ट्रॉली का इस्तेमाल न करें।
#कानपुर में एक ही रात में दूसरा बड़ा सड़क हादसा। मुंडन संस्कार के लिए जा रहे 5 लोगों की मौत , 10 घायल।
कानपुर अहिरवां पुल से #विंध्याचल जा रहा था परिवार। खराब खड़े लोडर में तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर।
थाना #चकेरी क्षेत्र के अहिरवां #ओवरब्रिज की घटना। pic.twitter.com/cXhI3B9blZ— Anurag Verma ( PATEL ) (@AnuragVerma_SP) October 2, 2022
दूसरी तरफ, अहिरवां में हुए हादसे के बारे में पुलिस ने बताया कि एक परिवार के लोग बच्चे का मुंडन कराने विंध्याचल जा रहे थे। लोडर पर ये लोग सवार थे। लोडर जब अहिरवां फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। पुलिस के मुताबिक ट्रक से टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर के परखचे उड़ गए। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोडर में फंसे लोगों को निकालना शुरू किया। सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया। वहां 5 लोगों को मृत घोषित किया गया। हादसे में घायल हुए कई लोगों की हालत गंभीर है। इस हादसे से ठीक पहले साढ़ इलाके में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी थी। इस हादसे में मारे गए लोगों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं। ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने की घटना में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए। इन सभी को अस्पताल में दाखिल कराया गया।