
मुंबई। यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया और अपूर्वा मुखीजा फिर मुश्किल में फंस सकते हैं। महाराष्ट्र पुलिस का साइबर सेल रणवीर अल्लाहबादिया पर कानूनी कार्रवाई कर सकता है। मामला ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में अभद्र टिप्पणी का है। महाराष्ट्र पुलिस के साइबर सेल के पास इस मामले की जांच है। साइबर सेल ने इस मामले में यूट्यूबर समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया और अपूर्वा मुखीजा समेत कई लोगों को पूछताछ के लिए समन जारी किया था। समन मिलने के बाद समय रैना और आशीष चंचलानी तो महाराष्ट्र पुलिस के साइबर सेल के सामने पेश हुए, लेकिन रणवीर अल्लाहबादिया और अपूर्वा मुखीजा ने समन का जवाब तक नहीं दिया।

समय रैना के शो इंडियाज गॉट लैटेंट के एक एपिसोड में माता-पिता के संबंधों पर एक प्रतिभागी से आपत्तिजनक सवाल पूछा गया था। इस शो में रणवीर अल्लाहबादिया, अपूर्वा मुखीजा और आशीष चंचलानी समेत पैनल में कई लोग थे। रणवीर अल्लाहबादिया ने शो में अभद्र टिप्पणी की थी। जिसके बाद उनके और शो बनाने वालों और पैनल में शामिल लोगों पर कई एफआईआर दर्ज कराए गए थे। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले में दखल देते हुए आरोपियों पर कड़ा रुख अपनाया था। इसके बाद रणवीर अल्लाहबादिया ने लिखित माफी मांगी और सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर अल्लाहबादिया को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण दिया था। कोर्ट ने साथ ही उनकी टिप्पणियों को अश्लील बताते हुए गंदे दिमाग का भी कहा था।
सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर अल्लाहबादिया से कहा था कि वो जांच में सहयोग दें, लेकिन महाराष्ट्र पुलिस के साइबर सेल से समन भेजे जाने पर भी रणवीर अल्लाहबादिया ने कोई जवाब तक देना जरूरी नहीं समझा। जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र साइबर सेल ने इसे जांच में सहयोग न किया जाना माना है। ऐसे में रणवीर अल्लाहबादिया पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। ऐसा ही अपूर्वा मुखीजा के साथ भी हो सकता है। रणवीर इसलिए भी ज्यादा मुश्किल में आ सकते हैं, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने उनसे जांच में सहयोग करने के लिए कहा था। बता दें कि रणवीर अल्लाहबादिया ने अपना पॉडकास्ट फिर शुरू कर दिया है।