
बोकारो। छत्तीसगढ़ में तो नक्सलियों को आए दिन सुरक्षाबल मार ही रहे हैं। अब झारखंड से नक्सलियों को पूरी तरह खत्म करने पर भी उन्होंने फोकस किया है। झारखंड के बोकारो में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 6 नक्सलियों को मार गिराया है। खबर लिखे जाने तक ये मुठभेड़ जारी थी। जानकारी के मुताबिक बोकारो जिले के लालपनिया इलाके के लुगु हिल्स इलाके में नक्सलियों के होने की जानकारी सुरक्षाबलों को मिली थी। इस पर जवानों ने इलाके को घेरकर ऑपरेशन चलाया। इसी ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की। जिसका जवाब जवानों ने दिया।
झारखंड में नक्सलियों से हुई इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो की 209वीं बटालियन ने शौर्य का प्रदर्शन करते हुए नक्सलियों की फायरिंग का भरपूर जवाब दिया। जंगल में मुठभेड़ होने पर काफी दिक्कतें होती हैं, लेकिन कोबरा कमांडो ने सटीक निशाने लगाए और एक-एक कर 6 नक्सलियों को ढेर करने में सफलता हासिल की। जानकारी के मुताबिक मारे गए नक्सलियों के पास से 1 इंसास रायफल और 1 एसएलआर बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि इलाके में अब भी कुछ नक्सली हैं। जिनके खिलाफ अभियान जारी है। इस मुठभेड़ में कोई भी जवान हताहत नहीं हुआ है। झारखंड बनने के बाद से सुरक्षाबलों ने अब तक 850 से ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया है।

झारखंड के पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में भी सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो और डीआरजी के जवानों ने हाल के दिनों में दर्जनों नक्सलियों को मौत के घाट उतारा है। इनमें कई बड़े और इनामी नक्सली नेता भी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एलान किया है कि मार्च 2026 तक हर हाल में देश को नक्सल समस्या से निजात दिलाई जाएगी। अमित शाह ने लगातार नक्सलियों से ये आह्वान भी किया है कि वे हथियार डाल दें और मुख्यधारा में शामिल होकर नई जिंदगी शुरू करें। अमित शाह के इस आह्वान पर बीते कुछ वक्त में दर्जनों नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में सरेंडर भी किया है।