newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Himachal Rain Death: भीषण बारिश से हिमाचल में बड़े हादसे, शिमला में शिव मंदिर ढहने से तमाम लोगों की गई जान, सोलन में भी 7 की मौत

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बारिश से हुए हादसों के कारण लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा है कि 48 घंटे से जारी बारिश ने हिमाचल पर कहर बरपाया है। सुक्खू ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित जगहों पर रहें।

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला में जबरदस्त बारिश से बड़ा हादसा हुआ है। यहां समरहिल इलाके में सावन के सोमवार पर एक शिव मंदिर में 50 के करीब भक्त जुटे थे। बारिश के कारण भूस्खलन से मंदिर ढह गया और इसमें सभी श्रद्धालु दब गए। इस हादसे में खबर लिखे जाने तक 9 लोगों की मौत की खबर है। राहत और बचावकर्मी बाकी दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे थे। माना जा रहा है कि शिव मंदिर के मलबे में दबे और लोगों की भी मौत हो सकती है। इससे पहले हिमाचल के ही सोलन के गांव में बादल फटने से 7 लोगों की मौत की खबर आई थी।

cloud burst in solan 1

हिमाचल प्रदेश के मंडी और अन्य जगह भी जबरदस्त बारिश से हाहाकार मचा है। मंडी में ब्यास नदी उफान पर है। कई जगह लैंडस्लाइड हुआ है। सिरमौर में भी बादल फटने से तबाही का मंजिर है। यहां तमाम मवेशी और गाड़ियां पानी में बह गए। सिरमौर में 25 स्कूली बच्चों को प्रशासन ने बड़ी मुश्किल से बचाया। कुल्ली और मनाली जाने वाले रास्ते भी बंद हो गए हैं। चंडीगढ़ से मनाली जाने वाला हाइवे और पंडोह के बीच कई जगह लैंडस्लाइड यानी भूस्खलन से गाड़ियां फंसने की भी खबर है। शिमला-कालका हाइवे पर कोटी के पास चक्की मोड़ पर भी भूस्खलन हुआ है। इससे भी वहां गाड़ियां दोनों तरफ फंस गई हैं।

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बारिश से हुए हादसों के कारण लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा है कि 48 घंटे से जारी बारिश ने हिमाचल पर कहर बरपाया है। सुक्खू ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित जगहों पर रहें। हिमाचल के सीएम ने बताया है कि हर प्रभावित जगह लोगों की मदद करने का काम प्रशासन कर रहा है। बता दें कि मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में दो-तीन दिन जबरदस्त बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।